टीम एबीएन, मेदिनीनगर/ रांची। पलामू जिला मुख्यालय स्थित मेदिनीनगर पुलिस लाइन में शुक्रवार को दो पुलिस के जवान आपस में भिड़ गये। बात हाथापाई से आगे बढ़कर गोलीबारी तक पहुंच गयी। हालांकि, दोनों में किसी को गोली नहीं लगी। दोनों जवानों पर विभागीय कार्रवाई शुरू कर दी गई है। उन्हें निलंबित कर दिया गया है।
जानकारी के मुताबिक एक पुलिस जवान शशिरंजन शराब के नशे में धुत था। उसका पहले से ही किसी बात को लेकर साथी जवान वीरेंद्र पासवान के साथ विवाद चल रहा था। शराब के नशे में एक बार फिर इस जवान ने विवाद शुरू कर दिया। कहासुनी से बात गोली चलने तक पहुंच गया। शशिरंजन ने अपना इंसास राइफल वीरेंद्र की ओर तान दिया। शशिरंजन की इस हरकत से वीरेंद्र सतर्क हो गया था। उसने बंदूक को पकड़ लिए और बैरल ऊपर की ओर कर दिया, जिससे गोली एक पेड़ में जाकर लगी।
इस घटना की जानकारी तत्काल शहर थाना को दी गई। दोनों जवानों को थाना लाकर पूछताछ किया गया। इनका मेडिकल जांच भी कराया गया। इसमें शशिरंजन के नशे में होने की पुष्टि हुई है। सदर एसडीपीओ ऋषभ गर्ग ने शहर थाना पहुंच कर मामले का छानबीन किया। एसपी चंदन कुमार सिन्हा ने बताया कि दोनों जवान झगड़ गए थे। उन्हें सस्पेंड किया गया है।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse