जिला प्रशासन का टास्क फोर्स पर सवालिया निशान
खदान संचालक ने घटना को दबाने के लिये दिये 11 लाख रुपये
टीम एबीएन, कोडरमा। नवलशाही थाना क्षेत्र में रविवार को चमारो स्थित एक पत्थर खदान में हाईवा गिरने से एक युवक की घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गयी। मृतक युवक की पहचान कुंडीधनवार निवासी 28 वर्षीय ओम कुमार यादव पिता राजेन्द्र यादव के रूप में की गई है।
मिली जानकारी के अनुसार मृतक हाइवा जेएच12जे/5953 का चालक था, जो हाइवा लेकर पत्थर खदान से पत्थर लोड कर ऊपर आ रहा था। इसी दौरान 40 फीट ऊंचाई से नीचे गिर गया, जिससे युवक की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना पाकर अंचल निरीक्षक श्रीराम पासवान, नवलशाही थाना प्रभारी पंचम तिग्गा दल-बल के साथ घटनास्थल पर पंहुचकर शव को पत्थर खदान से बाहर निकाला। खदान पूर्व जिप अध्यक्ष शालिनी गुप्ता के ससुर भीम साव का बताया जा रहा है, जबकि खदान की गहराई लगभग 250 फीट है। वहीं हाईवा किसी नरेश ठाकुर नवलशाही निवासी का बताया जा रहा है। मृतक अपने मां-बाप का इकलौता पुत्र था, जिससे परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है।
उल्लेखनीय हो कि पूर्व में भी उक्त खदान में कई बार हादसा हो चुका है। खदान के संचालक द्वारा खनन नियमों को ताक पर रखकर लगातार खनन किया जाता रहा है। वहीं परिजनों द्वारा मुवाआजा को लेकर कई घण्टों तक पुलिस को शव उठाने नहीं दिया। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार खदान मालिक द्वारा परिजनों को 11 लाख मुवायजा दिया, जिसके बाद शव को पुलिस ने अंत्यपरीक्षण के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। वहीं स्थानीय लोगों ने बताया कि नवलशाही थाना क्षेत्र में ऐसे कई खदान संचालित हैं, जहां आए दिन घटना घटते रहती है। घटना घटने के बाद खदान मालिकों द्वारा शव के लिए लाखों का सौदा कर परिजनों का मुंह बंद कर देते हैं। मौके पर डोमचांच अंचल निरीक्षक श्रीराम पासवान, थाना प्रभारी पंचम तिग्गा, एसआई कृष्णा राम दल-बल के साथ मौजूद थे।
जिला प्रशासन का टास्क फोर्स पर सवालिया निशान
एक तरफ जिला प्रशासन जिले में अवैध पत्थर खदानों के संचालन पर रोक लगाने के लिए टास्क फोर्स का गठन करती है और अवैध पत्थर खदानों पर अंकुश लगाने की पहल करती है, मगर प्रशासन की आंखों में धूल झोंक कर पत्थर माफिया अवैध खनन कर मोटी रकम कमाने में लगे हुए हैं। जबकि प्रशासन सिर्फ अखबारों और पेपरों पर ही सीमित रह जाती है। जिससे जिला प्रशासन की कार्यशैली पर एक सवालिया निशान लग जाता है।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse