एबीएन स्पोर्ट्स डेस्क। फुटबॉल विश्व कप का आगाज आज से कतर में हो जायेगा। फुटबॉल विश्व कप के इस 22वें एडिशन में दुनिया की 32 टीमें अपनी किस्मत आजमाती हुई नजर आयेंगी। इन टीमों को 8 ग्रुप में बांटा गया है। यानी एक ग्रुप में 4 टीमें होंगी। इस विश्व कप में सबकी नजरें अर्जेंटीना की टीम स्टार फुटबॉलर व कप्तान लियोनल मेसी पर होगी। अर्जेंटीना की टीम पिछले तीन साल व 36 मुकाबलों से अजेय है जिसके कारण इस टीम को खिताब का प्रबल दावेदार माना जा रहा है। लियोनल मेसी की अगुआई वाली अर्जेंटीना की टीम ने वॉर्मअप मैच के जरिए अपनी तैयारी का नमूना पेश किया है। अर्जेंटीना ने वॉर्मअप मैच में संयुक्त अरब अमीरात को 5-0 से रौंदकर अन्य टीमों को चेतावनी देने की कोशिश की है कि आने वाले मुकाबलों में उससे पार पाना किसी भी टीम के लिए आसान नहीं होगा। अर्जेंटीना की टीम एक मैच और जीतकर इटली के सबसे ज्यादा मैच जीतने के रिकॉर्ड को तोड़ देगी।
अर्जेंटीना को सऊदी अरब, मैक्सिको और पोलैंड के साथ इस ग्रुप में रखा गया है। लियोनल मेसी एंड कंपनी फीफा विश्व कप में अपने अभियान की शुरुआत 22 नवंबर को सऊदी अरब के खिलाफ करेगी। अर्जेंटीना को अपने दूसरे मैच में 26 नवंबर को मैक्सिको भिड़ना है जबकि 30 नवंबर को यह टीम पोलैंड से टकरायेगी।
अनुभवी फुटबॉल खिलाड़ी लियोनल मेसी इस समय शानदार फॉर्म में चल रहे हैं। वह पिछले 5 मैचों में 10 गोल दाग चुके हैं। उन्होंने अपने इंटरनेशनल गोल की संख्या 91 पर पहुंचा दी है। अर्जेंटीना की 26 सदस्यीय टीम में 9 डिफेंडर और 7 फॉरवर्ड शामिल हैं। इस टीम में कोपा अमेरिका कप जीतने वाले 21 खिलाड़ी शामिल हैं। अर्जेंटीना ने 1978 और 1986 में विश्व कप खिताब अपने नाम किया था। यह टीम 1990 और 2014 में उप विजेता रही थी।
लियोनल मेसी के करियर का यह पांचवां विश्व कप है। माना जा रहा है कि मेसी का संभवत: यह आखिरी विश्व कप हो सकता है। ऐसे में वह इस विश्व कप को यादगार बनाना चाहेंगे। 35 वर्षीय लियोनल मेसी 4 विश्व कप के 17 मैचों में कुल 6 गोल दाग चुके हैं। मेसी की अगुआई में अर्जेंटीना की टीम साल 2014 के विश्व कप के फाइनल में पहुंचने में सफल रही थी जहां उसे जर्मनी से हार मिली थी। मारिओ गोत्जे के एक गोल ने मेसी के साथ-साथ अर्जेंटीना के सपने को चकनाचूर कर दिया था। मेसी 2006 से विश्व कप में लगातार हिस्सा ले रहे हैं। अर्जेंटीना अगर यह विश्व कप जीतती है तो मेसी का नाम फुटबॉल के इतिहास में सुनहरे अक्षरों में लिखा जायेगा। मेसी ने विश्व कप को छोड़कर सारे इंटरनेशनल ट्रॉफी अपने नाम किये हैं। (लेखक वरिष्ठ पत्रकार सह एबीएन के खेल विशेषज्ञ हैं।)
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse