टीम एबीएन, चक्रधरपुर/ रांची। चक्रधरपुर रेल मंडल मुख्यालय से करीब 20 किमी दूर राजखरसावां रेलवे स्टेशन के इस्ट यार्ड में शुक्रवार की देर रात हावड़ा मेल ट्रेन की चपेट में आने से चक्रधरपुर के दो रेल ड्राइवरों की मौत हो गयी। घटना के बाद से चक्रधरपुर रेल मंडल में शोक की लहर है।
जानकारी के मुताबिक मालगाड़ी के लोको पायलट दिलीप कुमार सहाना (53) व सहायक लोको पायलट मोहम्मद अफसर आलम (36) शुक्रवार रात राजखरसावां रेलवे स्टेशन के यार्ड में मालगाड़ी को चेक कर रहे थे। इसी दौरान बगल लाइन से तेज रफ्तार से गुजर रही ट्रेन संख्या 12810 अप हावड़ा मुंबई मेल एक्सप्रेस की चपेट में आ गये। जिससे दोनों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। मोहम्मद अफसर आसनसोल एवं दिलीप कुमार सहाना बांकुड़ा मूलरूप से पश्चिम बंगाल के रहने वाले थे।
घटना की खबर पाकर चक्रधरपुर के डीआरएम अरूण जातोह राठौर रेलवे अस्पताल पहुंच घटना की जानकारी ली एवं दुख जताया। डीआरएम के साथ अन्य वरीय रेल अधिकारी भी अंतिम दर्शन को रेलवे अस्पताल पहुंचे थे। रेल कर्मियों के अनुसार लोको पायलट दिलीप सहाना जब मालगाड़ी चेक कर रहे थे, तो तेज रफ्तार में गुजर रही हावड़ा मुंबई मेल सुपरफास्ट एक्सप्रेस की चपेट में सबसे पहले आये। इस बीच सहायक लोको पायलट मोहम्मद अफसर आलम उन्हें बचाने गये तो वे भी ट्रेन की चपेट में आ गये। इससे दोनों की मौत हो गयी। दोनों के शव को सबसे पहले चक्रधरपुर के रेलवे अस्पताल लाया गया। दिन के करीब 11 बजे दोनों के शव का पोस्टमार्टम अनुमंडल अस्पताल में किया गया। जिसके बाद परिजन शव लेकर पैतृक गांव की ओर रवाना हो गये।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse