टीम एबीएन, रांची। आजसू पार्टी की केंद्रीय समिति की बैठक 19 नवंबर को सुबह साढ़े दस बजे से रांची स्थित प्रधान कार्यालय में होगी। बैठक की अध्यक्षता झारखंड के पूर्व उपमुख्यमंत्री एवं पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष सुदेश कुमार महतो करेंगे।
आजसू पार्टी के केंद्रीय मुख्य प्रवक्ता डॉ देवशरण भगत ने बताया कि केंद्रीय समिति की बैठक में पार्टी के भावी कार्यक्रमों की घोषणा, पूर्व में किये गये कार्यक्रमों की समीक्षा तथा राज्य के वर्तमान राजनीतिक हालात पर चर्चा की जायेगी। इस दौरान राज्य के ज्वलंत विषयों पर चिंतन-मंथन किया जायेगा, जिसमें नगर निकाय चुनाव में पिछड़ों की हकमारी, जातीय जनगणना, खतियान आधारित स्थानीय एवं नियोजन नीति, सरना धर्म कोड, झारखंड आंदोलनकारियों को सम्मान तथा हाल ही में विधासनभा के विशेष सत्र में राज्य सरकार द्वारा पारित किए गए विधेयक मुख्य रूप से शामिल हैं। इस दौरान सदस्यता अभियान तथा जनसंग्रह-धनसंग्रह कार्यक्रम की भी समीक्षा की जायेगी।
डॉ भगत ने बताया कि बैठक में केंद्रीय समिति के सभी सदस्य, विधानसभा प्रभारी, जिला प्रभारी, जिलाध्यक्ष, जिला सचिव, जिला परिषद अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष, प्रमुख तथा सभी अनुषंगी इकाई जैसे अखिल झारखंड महिला संघ, अखिल झारखंड छात्र संघ, अखिल झारखंड बुद्धिजीवी मंच, अखिल झारखंड श्रमिक संघ, अखिल झारखंड किसान संघ, अखिल झारखंड अधिवक्ता संघ, अखिल झारखंड उद्योग एवं व्यापार संघ, अखिल झारखंड पिछड़ा वर्ग महासभा, अखिल झारखंड अल्पसंख्यक महासभा, अखिल झारखंड अनुसूचित जनजाति महासभा, अखिल झारखंड अनुसूचित जाति महासभा तथा कला-संस्कृति एवं क्रीड़ा प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष, सचिव एवं संयोजक उपस्थित रहेंगे।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse