टीम एबीएन, रांची। झारखंड के कुछ आईपीएस और आईएएस अधिकारी के साथ-साथ एक मंत्री भी ईडी के रडार पर हैं। जानकारी के अनुसार ईडी ने राज्य के शिक्षा मंत्री जगरनाथ महतो, उनके पीए पवन कुमार, सेवानिवृत हुए आईएएस अधिकारी केके खंडेलवाल, पाकुड़ के पूर्व डीसी दिलीप झा, गिरिडीह एसपी अमित रेणू, एसडीपीओ अनिल कुमार सिंह समेत कई अन्य अधिकारियों, कारोबारियों के खिलाफ जानकारी मांगी है ईडी ने राज्य पुलिस मुख्यालय के आईजी मानवाधिकार से इस संबंध में जानकारी मांगी थी, जिसके बाद आईजी मानवाधिकार ने सीआईडी से संबंधित लोगों पर दर्ज केस, आरोप पत्र और शिकायत की जानकारी मांगी है। पुलिस मुख्यालय से रिपोर्ट भेजे जाने के बाद ईडी आगे की कार्रवाई करेगी। ईडी धनबाद समेत कई अन्य जिलों में अवैध कोयले की तस्करी को लेकर भी कार्रवाई की तैयारी में है। कोयला क्षेत्र में धनबाद के एसएसपी संजीव कुमार और गिरिडीह में अमित रेणू के खिलाफ ईडी को शिकायत मिली थी। ईडी की शिकायत में धनबाद एसएसपी पर आरोप लगाया गया है कि धनबाद में मुगमा क्षेत्र में बड़े पैमाने पर कोयला तस्करी हो रही है। धनबाद में कोयला चालान धंसने से मौत की वजह तस्करी बतायी गई है, साथ ही फरवरी माह में हुए वारदातों को उदाहरण के तौर पर बताया गया है। गिरिडीह के एसपी अमित रेणू पर भी पद का दुरूपयोग करते हुए अपने और अपने परिजनों के नाम पर संपत्ति अर्जित करने का आरोप लगाते हुए पीएलएमए के तहत जांच की मांग की गई है। बीसीसीएल के सीनियर मैनेजर बीएन बेहरा, चीफ विजिलेंस अफसर अनिमेष कुमार से जुड़े मामले में भी ईडी ने जानकारी मांगी है। दुमका के हरिनंदन चौधरी, बालू के कारोबार से जुड़े मनीष यादव से जुड़े केस या आरोप पत्र की जानकारी भी इडी ने मांगी है।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse