एबीएन डेस्क। टोक्यो ओलंपिक का 13वां दिन जो कि भारतीय दृष्टिकोण से काफी महत्वपूर्ण है। रानी रामपाल की अगुवाई वाली भारतीय महिला हॉकी टीम का मुकाबला अर्जेंटीना से सेमीफाइनल में होगा। बॉक्सर लवलीना बोरगोहेन 69 किग्रा भार वर्ग में सेमीफाइनल में तुर्की की बुसेनज़ सुरमेनेलीक से भिड़ेंगी। लवलीना भारत के लिए पहले ही पदक पक्का कर चुकी हैं। इसके अलावा भाला फेंक स्पर्धा में नीरज चोपड़ा ने शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने जेवेलिन थ्रो के फाइनल के लिए क्वालीफाई कर लिया है। उन्होंने पहले ही प्रयास में 86.65 मीटर दूर भाला फेंका। वह अपने ग्रुप में पहले स्थान पर रहे।वही, रेसलिंग में 57 किग्रा भार वर्ग में रवि कुमार दहिया ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया। क्वार्टर फाइनल में उन्होंने बुल्गारिया के जॉर्डी वैंगेलोव को 14-4 से पटखनी दी।जबकि 86 किग्रा भारवर्ग में दीपक पूनिया ने चीन के जुशेन लिन को 6-3 से हराकर सेमीफाइनल में दस्तक दी। जेवेलिन थ्रो के फाइनल में पहुंचे नीरज चोपड़ा : भारत के स्टार जेवेलिन थ्रोअर नीरज चोपड़ा ने अपने पहली प्रयास में शानदार थ्रो किया। उन्होंने 86.65 मीटर दूर भाला फेंका। इसके साथ वह फाइनल के लिए क्वालीफाई कर गए। फाइनल में सीधे प्रवेश करने के लिए 83.50 मीटर का थ्रो होना जरूरी है। नीरज अब 7 अगस्त को फाइनल मुकाबले में अपना दमखम दिखाएंगे। पुरुष भाला फेंक के क्वालीफिकेशन राउंड में नीरज चोपड़ा ग्रुप में पहले स्थान पर रहे। फाइनल की रेस से बाहर हुए शिवपाल : पुरुष जेवेलिन थ्रो स्पर्धा के ग्रुप बी में भारत के भाला फेंक एथलीट शिवपाल सिंह क्वालीफाई नहीं कर सके। इसके साथ ही वह फाइनल की रेस से बाहर हो गए। उन्होंने तीसरे प्रयास में 74.81 मीटर का थ्रो किया। जबकि उनका बेस्ट थ्रो पहले प्रयास में रहा था जब उन्होंने 76.40 मीटर दूर भाला फेंका। सेमीफाइनल में पहुंचे रवि कुमार : भारतीय पहलवान रवि कुमार पुरुषों के फ्री स्टाइल 57 किग्रा भार वर्ग के सेमीफाइनल में पहुंच गए हैं। रवि ने क्वार्टर फाइनल में बुल्गारिया के जॉर्डी वैंगेलोव को 14-4 से शिकस्त दी। उनकी इस जीत के साथ रेसलिंग में भारत को पदक जीतने की उम्मीद है। अंशु मलिक हारीं : भारतीय पहलवान अंशु मलिक को महिलाओं की फ्रीस्टाइल 57 किग्रा भार वर्ग स्पर्धा में हार का सामना करना पड़ा। उन्हें बेलारूस की इरिना कुराचिकिना ने 8-2 से शिकस्त दी। दुनिया की नंबर तीन महिला पहलवान इरिना ने पहले तीन मिनट के बाद अंशु मलिक पर 4-0 की बढ़त बना ली। जिसके चलते भारतीय पहलवान उबर नहीं पाईं। दीपक पूनिया की सेमीफाइनल में एंट्री : टोक्यो ओलंपिक में भारतीय पहलवानों के लिए आज का दिन शानदार रहा है। पहले 57 किलो भार वर्ग में रवि कुमार ने सेमीफाइनल में जगह बनाई उसके बाद 86 किग्रा भार वर्ग में दीपक पूनिया ने चीन के जुशेन लिन को 6-3 से पराजित करते हुए सेमीफाइनल में एंट्री की।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse