एबीएन न्यूज नेटवर्क, धनबाद। बरवाअड्डा थाना क्षेत्र के बड़ापिछरी पंचायत की मुखिया यशोदा देवी के कथित फर्जी हस्ताक्षर से जाति प्रमाण पत्र, आवासीय प्रमाण पत्र और वंशावली बनाये जाने के आरोपी गणेश दास की गिरफ्तारी मामले को लेकर डुमरी विधायक जयराम महतो और मुखिया समर्थकों के बीच थाना परिसर में विवाद हो गया। दोनों के समर्थकों के बीच जम कर मारपीट हुई।
घटना में मुखिया के बेटे के घायल होने की सूचना है। गणेश दास जेएलकेएम एससी मोर्चा के जिला सचिव हैं। बड़ापिछरी पंचायत की मुखिया यशोदा देवी ने गांव के ही गणेश दास पर उनका फर्जी हस्ताक्षर कर प्रमाण पत्र एवं वंशावली तैयार कराने का आरोप लगाया था।
इस बाबत बरवाअड्डा थाना में कांड संख्या 129/26 दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी को पूछताछ के लिए बुलाया गया था। उसके थाना नहीं आने पर एसआइ मीनू कुमारी नोटिस देने उसके घर पहुंचीं। आरोप है कि इस दौरान गणेश दास और उसके परिजनों ने पुलिस के साथ विवाद करते हुए गाली-गलौज और धक्का-मुक्की की। इसके बाद पुलिस गणेश दास को हिरासत में लेकर थाना ले आयी।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, गणेश दास को गलत तरीके से गिरफ्तार करने का आरोप लगाते हुए विधायक जयराम महतो अपने समर्थकों के साथ बरवाअड्डा थाना पहुंचे। विधायक ने थाना प्रभारी रवि कुमार समेत धनबाद थाना प्रभारी मनोज कुमार पांडेय और गोविंदपुर थाना प्रभारी विष्णु कुमार राउत से गणेश दास के साथ मारपीट को लेकर सवाल किये।
इस दौरान विधायक और पुलिस पदाधिकारियों के बीच करीब डेढ़ घंटे तक तीखी बहस हुई। इसी बीच विधायक के समर्थकों की ओर से आरोप लगाया गया कि गणेश दास के साथ थाने में मारपीट की गयी है।
विधायक के थाना पहुंचने की जानकारी मिलने के बाद मुखिया यशोदा देवी के भी समर्थक बड़ी संख्या में थाना पहुंच गये। बड़ापिछरी, कोरियाटांड़, कसियाटांड़ समेत पंचायत क्षेत्र के विभिन्न गांवों से लोग पहुंचे। बताया जाता है कि मुखिया समर्थक थाना प्रभारी के चेंबर में पहुंच गये और विधायक जयराम महतो के साथ नोक-झोंक की।
इसके बाद विधायक समर्थकों तथा मुखिया समर्थकों के बीच चेंबर में ही विवाद बढ़ गया। पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद मुखिया समर्थकों को चेंबर से बाहर निकाला। इसी दौरान दोनों पक्षों के बीच मारपीट होने की बात सामने आयी। घटना में मुखिया पुत्र के घायल होने की सूचना है।
मामले में पुलिस ने गणेश दास के खिलाफ सरकारी काम में बाधा डालने का भी केस दर्ज किया है। आरोप है कि विधायक जयराम महतो ने थाना प्रभारी रवि कुमार को फोन कर गणेश दास को छोड़ने के लिए कहा था। हालांकि, इस संबंध में विधायक या पुलिस के आधिकारिक बयान की पुष्टि अभी नहीं हो सकी है।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse