पंचायतों की मजबूती से ही होगा समाज का सर्वांगीण विकास : सुखदेव भगत

 

गुमला के अनेक मुखियाओं ने सांसद सुखदेव भगत से की मुलाकात 

पंचायतों की समस्याओं के समाधान का मिला भरोसा 

एबीएन न्यूज नेटवर्क, लोहरदगा। गुमला जिले की विभिन्न पंचायतों से आये मुखियाओं ने लोहरदगा स्थित सांसद आवास पहुंचकर लोहरदगा लोकसभा के सांसद सुखदेव भगत से मुलाकात की। इस दौरान मुखियाओं ने अपनी-अपनी पंचायतों की जमीनी समस्याओं को सांसद के समक्ष प्रमुखता से रखा और उनके समाधान के लिए आवश्यक पहल की मांग की। 

मुखियाओं ने बताया कि पंचायतों में सड़क, पेयजल, बिजली, पेंशन, आवास योजना, मनरेगा, जंगल-पट्टा, विद्यालय तथा स्वास्थ्य केंद्र से जुड़ी कई समस्याएं लंबे समय से ग्रामीणों के लिए परेशानी का कारण बनी हुई हैं। उन्होंने इन समस्याओं के निराकरण के साथ-साथ ग्रामीण क्षेत्रों के विकास से जुड़े अन्य मुद्दों पर भी सांसद का ध्यान आकृष्ट कराया। 

मुखियाओं की समस्याओं को गंभीरता से सुनने के बाद सांसद सुखदेव भगत ने कहा कि पंचायतें विकास की सबसे मजबूत बुनियाद हैं। पंचायत सशक्त होगी तो समाज मजबूत होगा और समाज मजबूत होगा तो देश भी सशक्त बनेगा। उन्होंने कहा कि आदिवासी समाज के समग्र विकास के लिए जनप्रतिनिधियों, पंचायत प्रतिनिधियों और आम लोगों को मिलकर आगे बढ़ना होगा। 

सांसद ने विशेष रूप से सरना स्थल और मसना स्थल के घेराव तथा अखड़ा निर्माण जैसी योजनाओं पर भी गंभीरता से काम करने की आवश्यकता बतायी। उन्होंने कहा कि ये स्थल केवल परंपरा और संस्कृति के प्रतीक नहीं, बल्कि समाज की पहचान और सामुदायिक एकजुटता के केंद्र भी हैं। इनके संरक्षण और विकास के लिए आवश्यक पहल की जानी चाहिए। 

सांसद सुखदेव भगत ने मुखियाओं को भरोसा दिलाते हुए कहा कि पंचायतों से जुड़ी समस्याओं को संबंधित स्तर पर उठाकर उनके समाधान की दिशा में हरसंभव प्रयास किया जायेगा। उन्होंने कहा कि मुखिया पंचायत के लोगों से सीधे जुड़े रहते हैं। आपकी समस्याएं मेरी समस्याएं हैं। आदिवासी समाज के उत्थान और क्षेत्र के विकास के लिए हम सभी को एकजुट होकर आगे बढ़ना होगा। 

मुलाकात के दौरान पंचायत प्रतिनिधियों ने सांसद के समक्ष क्षेत्रीय विकास से जुड़े कई अन्य महत्वपूर्ण मुद्दे भी रखे। सांसद के आश्वासन के बाद मुखियाओं ने उम्मीद जतायी कि लंबे समय से लंबित पंचायत स्तरीय समस्याओं के समाधान के लिए अब ठोस पहल होगी।

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।

© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse