एबीएन न्यूज नेटवर्क, साहेबगंज। जिले के उत्क्रमित उच्च विद्यालय, सोती चौकी पांगड़ो की स्थिति इन दिनों बद से बदतर बनी हुई है। स्कूल में मूलभूत सुविधाओं के अभाव से नाराज सैकड़ों छात्र-छात्राओं ने हाल ही में जिला समाहरणालय के समक्ष धरना देकर अपनी पीड़ा व्यक्त की थी।
मामला तब और तूल पकड़ा जब परीक्षा के दौरान छात्रों को प्रश्न पत्र ही उपलब्ध नहीं कराये गये। इस घटना के बाद पूरे जिले में शिक्षा व्यवस्था को लेकर रोष व्याप्त है। छात्रों की आवाज सुनकर कोकरोज जनता पार्टी (सीजेपी) ने भी इस मुद्दे को गंभीरता से लिया और स्कूल ठीक करो आंदोलन के तहत एक प्रतिनिधिमंडल को विद्यालय का दौरा करने के लिए भेजा।
प्रतिनिधिमंडल ने विद्यालय पहुंचकर छात्रों और स्कूल प्रबंधन दोनों से बातचीत की और वस्तुस्थिति का जायजा लिया। मौके पर सीजेपी के झारखंड कोआर्डिनेटर आशुतोष रंजन ने कहा कि स्कूल में बुनियादी सुविधाओं के अभाव के कारण बच्चों में भारी आक्रोश है। अगर समय रहते प्रशासन ने ध्यान नहीं दिया तो आंदोलन और तेज किया जायेगा। शिक्षा किसी की मोहताज नहीं हो सकती।
वहीं स्कूल प्रबंधक ने आश्वासन दिया कि बहुत जल्द सभी आवश्यक सुविधाएं छात्रों को उपलब्ध करा दी जायेंगी। कार्यक्रम के दौरान सीजेपी कार्यकर्ता वीरू ने छात्रों को उनके संवैधानिक अधिकारों के बारे में जानकारी दी और उन्हें अपनी आवाज बुलंद करने के लिए प्रेरित किया।
इस दौरे में पार्टी की पूजा यादव, राजकुमार दास, सूरज हाजदा सहित कई कार्यकर्ता उपस्थित थे। कोकरोज जनता पार्टी ने मांग की है कि जिला प्रशासन अविलंब सोती चौकी पांगड़ो विद्यालय में पठन-पाठन की समुचित व्यवस्था, शिक्षकों की उपलब्धता और बुनियादी सुविधाएं सुनिश्चित करे, ताकि छात्रों का भविष्य अंधकार में न जाये।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse