रिम्स में वर्ष के अंत तक सभी टीचिंग पद भरने का लक्ष्य

 

एचएमआईएस 100 प्रतिशत लागू करने का निर्देश 

टीम एबीएन, रांची। स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा एवं परिवार कल्याण विभाग के अपर मुख्य सचिव श्री अजय कुमार सिंह की अध्यक्षता में बुधवार को उनके सभाकक्ष में रिम्स सेलेक्शन कमेटी की बैठक आयोजित की गयी। बैठक में रिम्स में चिकित्सकों एवं कर्मियों की वर्तमान स्थिति, रिक्त पदों तथा मानव संसाधन की आवश्यकता की विस्तृत समीक्षा की गयी। 

बैठक में अपर सचिव शशि प्रकाश, रिम्स निदेशक डॉ. डीके सिंह, सहायक निदेशक बाघमारे प्रसाद कृष्ण, विभाग के संयुक्त सचिव ललित मोहन शुक्ला, निदेशक चिकित्सा शिक्षा डॉ. पी. भट्टाचार्य और रिम्स के डॉ. हिरेंद्र बिरूवा समेत कई पदाधिकारी उपस्थित थे। 

अपर मुख्य सचिव ने निर्देश दिया कि रिम्स में सृजित पदों और वर्तमान में कार्यरत चिकित्सकों एवं कर्मियों की संख्या का समग्र आकलन किया जाये। विभिन्न विभागों में वास्तविक आवश्यकता के अनुरूप पदों का रेशनलाइजेशन करते हुए संस्थान के मानव संसाधन ढांचे को रिस्ट्रक्चर किया जाये।

उन्होंने कहा कि सभी पदों की आवश्यकता का आकलन करने के बाद संबंधित प्रस्ताव संचिका के माध्यम से प्रस्तुत किया जाये। बैठक में प्रोफेसर, एसोसिएट प्रोफेसर, असिस्टेंट प्रोफेसर सहित अन्य टीचिंग पदों के साथ एएनएम, जीएनएम एवं अन्य कर्मियों के पदों पर भी विस्तार से चर्चा हुई। 

अपर मुख्य सचिव ने पदोन्नति के लिए स्पष्ट एवं पारदर्शी क्राइटेरिया निर्धारित कर उसका ड्राफ्ट तैयार करने का निर्देश दिया। उन्होंने निर्देश दिया कि इस वर्ष के अंत तक रिम्स में टीचिंग के सभी आवश्यक पदों को भरने का लक्ष्य रखा जाये। इसके लिए भर्ती एवं नियुक्ति प्रक्रिया से संबंधित सभी आवश्यक कार्य समयबद्ध तरीके से पूरा करने को कहा गया। 

बैठक में रिम्स में एचएमआईएस को 100 प्रतिशत लागू करने पर भी जोर दिया गया। अपर मुख्य सचिव ने निर्देश दिया कि रिम्स के सभी विभागों में एचएमआईएस का पूर्ण रूप से उपयोग सुनिश्चित किया जाए। 

सभी विभागाध्यक्षों को अपने-अपने विभाग में 100 प्रतिशत एचएमआईएस लागू कराने की जिम्मेदारी दी गयी है। उन्होंने कहा कि डिजिटल स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूत करने के लिए एचएमआईएस का प्रभावी और अनिवार्य उपयोग सुनिश्चित किया जाना चाहिए।

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।

© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse