हर सदस्य लगाये एक पौधा, हरित झारखंड के निर्माण का लें संकल्प : सुरेश चंद्र अग्रवाल

 

टीम एबीएन, रांची। झारखंड प्रांतीय मारवाड़ी सम्मेलन ने वर्षा ऋतु के अवसर पर राज्यभर के सभी जिला एवं शाखा इकाइयों से व्यापक वृक्षारोपण अभियान चलाने का आह्वान किया है। सम्मेलन के प्रांतीय अध्यक्ष सुरेश चंद्र अग्रवाल एवं प्रांतीय महामंत्री विनोद कुमार जैन ने सभी शाखा एवं जिला अध्यक्षों, पदाधिकारियों, सदस्यों तथा समाजबंधुओं से अपने-अपने क्षेत्र में कम-से-कम एक पौधा अवश्य लगाने और उसके संरक्षण का संकल्प लेने की अपील की है। 

उन्होंने कहा कि वर्षा ऋतु प्रकृति का अनुपम उपहार है और पौधरोपण के लिए सबसे उपयुक्त समय भी। इस मौसम में लगाये गये पौधों के जीवित रहने की संभावना अधिक होती है, जिससे पर्यावरण संरक्षण का उद्देश्य भी सफल होता है। उन्होंने कहा कि आज बढ़ते प्रदूषण, जलवायु परिवर्तन, तापमान में वृद्धि तथा घटते हरित क्षेत्र मानव जीवन के लिए गंभीर चुनौती बन चुके हैं। 

ऐसे समय में प्रत्येक नागरिक का यह नैतिक दायित्व है कि वह पर्यावरण संरक्षण में अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करे। उन्होंने कहा कि एक वृक्ष केवल पौधा नहीं, बल्कि जीवन का आधार है। वृक्ष हमें शुद्ध वायु, शीतल छाया, वर्षा, जैव विविधता का संरक्षण तथा संतुलित पर्यावरण प्रदान करते हैं। आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ एवं सुरक्षित वातावरण देना हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है, जिसे वृक्षारोपण के माध्यम से प्रभावी ढंग से निभाया जा सकता है। 

सम्मेलन के सभी पदाधिकारियों ने सभी सदस्यों से आग्रह किया कि वे अपने घर, प्रतिष्ठान, विद्यालय, मंदिर, सार्वजनिक स्थल, पार्क अथवा आसपास के खाली स्थानों पर कम-से-कम एक पौधा अवश्य लगायें। साथ ही यह भी सुनिश्चित करें कि लगाये गये पौधों की नियमित देखभाल, सिंचाई और सुरक्षा की व्यवस्था हो, क्योंकि पौधा लगाना जितना महत्वपूर्ण है, उसका संरक्षण उससे भी अधिक आवश्यक है। उन्होंने कहा कि यह अभियान केवल वृक्ष लगाने तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जनजागरण का भी माध्यम बनेगा। 

यदि प्रत्येक सदस्य एक पौधा लगाकर उसके संरक्षण का संकल्प ले, तो पूरे राज्य में हजारों नए वृक्ष तैयार होंगे, जो भविष्य में हरित एवं स्वच्छ झारखंड के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभायेंगे। उन्होंने समाज के सभी वर्गों, युवाओं, महिलाओं, विद्यार्थियों एवं सामाजिक संगठनों से भी इस अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील करते हुए कहा कि प्रकृति की रक्षा करना हम सभी का साझा दायित्व है। सामूहिक प्रयासों से ही पर्यावरण संरक्षण का लक्ष्य प्राप्त किया जा सकता है।

उन्होंने सभी सदस्यों से आह्वान किया कि वे एक पौधा-एक जीवन, हर सदस्य-एक संकल्प के संदेश को जन-जन तक पहुंचायें तथा अधिक से अधिक लोगों को पौधरोपण के लिए प्रेरित करें। वृक्ष लगायें, पर्यावरण बचायें और आने वाली पीढ़ियों के लिए हरित झारखंड का निर्माण करें। उक्त जानकारी झारखंड प्रांतीय मारवाड़ी सम्मेलन के प्रांतीय संयुक्त महामंत्री सह प्रवक्ता संजय सर्राफ ने दी।

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।

© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse