एबीएन सोशल डेस्क। परम पूज्य डॉ. संत शिरोमणि स्वामी सदानंद महाराज जी के पावन सान्निध्य में एमआरएस श्री कृष्ण प्रणामी सेवा धाम ट्रस्ट द्वारा संचालित श्री कृष्ण प्रणामी मंगल राधिका सदानंद सेवाधाम स्थित श्री राधा कृष्ण प्रणामी मंदिर, पुंदाग में योगिनी एकादशी का पावन पर्व श्रद्धा, भक्ति एवं सेवा भाव के साथ हर्षोल्लासपूर्वक मनाया गया।
पूरे दिन मंदिर परिसर आध्यात्मिक वातावरण, हरिनाम संकीर्तन एवं भगवान श्री राधा-कृष्ण के जयघोष से गुंजायमान रहा। योगिनी एकादशी के अवसर पर श्री राधा रानी का नवीन दिव्य वस्त्रों एवं आकर्षक आभूषणों से भव्य एवं अलौकिक श्रृंगार किया गया। मनोहारी स्वरूप के दर्शन के लिए सुबह से ही श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा।
श्रद्धालुओं ने भगवान श्री राधा-कृष्ण के दर्शन कर सुख, समृद्धि एवं लोक-कल्याण की मंगलकामना की। दोपहर 12 बजे मंदिर के पुजारी अरविंद कुमार पांडेय ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ लड्डू, फल, खिचड़ी एवं मेवा सहित विविध प्रकार के महाप्रसाद का विधिवत भोग भगवान को अर्पित किया। भोग के उपरांत श्रद्धालुओं के बीच मसालेदार वेजिटेबल खिचड़ी का वितरण किया गया। मंदिर परिसर में उपस्थित सैकड़ों श्रद्धालुओं ने श्रद्धापूर्वक महाप्रसाद ग्रहण कर स्वयं को धन्य माना।
भजन- जागरण ने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया। ट्रस्ट के भजन गायक मनीष सोनी ने श्री राधा-कृष्ण एवं प्रभु भक्ति पर आधारित सुमधुर भजनों की प्रस्तुति देकर श्रद्धालुओं को भाव-विभोर कर दिया। उनके गाये भजनों में योगिनी एकादशी आई हरि नाम की ज्योत जगाई..,राधे राधे जपो निरंतर, मिट जाये हर संताप। एकादशी का पुण्य पाकर, भर जाए जीवन आप.., हरि नाम से बढ़कर जग में, कोई नहीं आधार। राधा कृष्ण कृपा बरसाएं, हो सब का उद्धार।
श्रद्धालु भजनों की मधुर धुनों पर भक्ति रस में सराबोर होकर झूमते रहे। इस अवसर पर ट्रस्ट के उपाध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद अग्रवाल एवं प्रवक्ता संजय सर्राफ ने योगिनी एकादशी का आध्यात्मिक महत्व बताते हुए कहा कि यह एकादशी पापों के क्षय, आत्मशुद्धि, ईश्वर भक्ति तथा सेवा-साधना का महान पर्व है।
उन्होंने बताया कि योगिनी एकादशी का व्रत एवं भगवान विष्णु की आराधना से जीवन में सुख, शांति और आध्यात्मिक उन्नति का मार्ग प्रशस्त होता है। संजय सर्राफ ने बताया कि योगिनी एकादशी के पावन अवसर पर बेंगलुरु निवासी अनिष्क नारायण के सौजन्य से सद्गुरु कृपा अपना घर आश्रम में रह रहे 50 से अधिक निराश्रितों को प्रेमपूर्वक भोजन कराया गया। ट्रस्ट ने इसे मानव सेवा को ईश्वर सेवा मानने की प्रेरणादायी पहल बताया।
इस अवसर पर डूंगरमल अग्रवाल, राजेंद्र प्रसाद अग्रवाल, निर्मल जालान, मनोज चौधरी, सज्जन पाड़िया, सुरेश अग्रवाल, पूरणमल सर्राफ, शिव भगवान अग्रवाल, मधुसूदन जाजोदिया, नंदकिशोर चौधरी, संजय सर्राफ, अरविंद अग्रवाल, प्रभास गोयल, विशाल जालान, सुरेश चौधरी, विष्णु सोनी, पवन पोद्दार, सुरेश भगत, ज्ञान चंद्र शर्मा सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse