एबीएन स्पोर्ट्स डेस्क। फीफा वर्ल्ड कप 2026 अपने निर्णायक दौर में पहुंच चुका है। 48 टीमों के साथ पहली बार खेले जा रहे इस टूर्नामेंट में अब सिर्फ आठ टीमें बची हैं, जो 19 जुलाई को होने वाले फाइनल में जगह बनाने के लिए क्वार्टर फाइनल में भिड़ेंगी। हालांकि, इस बार टूर्नामेंट ने एक ऐसा इतिहास भी रचा है, जो पहले कभी देखने को नहीं मिला था। पहली बार ब्राजील और जर्मनी दोनों ही विश्व कप के क्वार्टर फाइनल में जगह बनाने में नाकाम रहे हैं।
विश्व कप इतिहास में यह पहला मौका है जब फुटबॉल की दो सबसे सफल टीमों ब्राजील और जर्मनी में से कोई भी अंतिम आठ में नहीं पहुंच पाया। अब तक खेले गये 17 विश्व कप में 10 बार दोनों टीमें एक साथ क्वार्टर फाइनल में पहुंची थीं।
जर्मनी 1938, 1950, 2018 और 2022 में अंतिम आठ से बाहर रहा था, जबकि ब्राजील 1934, 1966 और 1990 में क्वार्टर फाइनल तक नहीं पहुंच सका था। लेकिन ऐसा कभी नहीं हुआ था कि दोनों टीमें एक साथ बाहर हो जाएं। इस बार ब्राजील को प्री-क्वार्टर फाइनल (राउंड आॅफ-16) में नॉर्वे ने हराया, जबकि जर्मनी का सफर राउंड आॅफ-32 में पराग्वे के हाथों खत्म हो गया।
विश्व कप 2026 के क्वार्टर फाइनल में यूरोप की छह टीमों ने जगह बनार्यी है। इनके अलावा दक्षिण अमेरिका से सिर्फ अर्जेंटीना और अफ्रीका से मोरक्को अंतिम आठ में पहुंचने में सफल रहे हैं।
वहीं बेल्जियम और मोरक्को कभी सेमीफाइनल से आगे नहीं बढ़ सके हैं। स्विट्जरलैंड 1954 के बाद पहली बार क्वार्टर फाइनल में पहुंचा है, जबकि नॉर्वे ने पहली बार प्री-क्वार्टर फाइनल की बाधा पार की है। ऐसे में 2010 में स्पेन के बाद पहली बार फुटबॉल जगत को नया विश्व चैंपियन मिलने की संभावना भी बढ़ गई है।
डिफेंडिंग चैंपियन अर्जेंटीना और किलियन एम्बाप्पे की अगुआई वाली फ्रांस दोनों ही शानदार फॉर्म में हैं। फ्रांस ने अब तक अपने सभी पांच मुकाबले निर्धारित 90 मिनट के भीतर जीते हैं। दूसरी ओर, अर्जेंटीना ने भी पांचों मैच जीते हैं, लेकिन राउंड आॅफ-32 में केप वर्दे के खिलाफ मुकाबला अतिरिक्त समय तक गया था, जहां लियोनेल मेसी की टीम ने 3-2 से जीत दर्ज की। स्पेन और इंग्लैंड ने चार-चार जीत के साथ एक-एक मैच ड्रॉ खेला है। नॉर्वे ने भी चार मुकाबले जीते, जबकि बेल्जियम, मोरक्को और स्विट्जरलैंड ने तीन-तीन जीत और दो-दो ड्रॉ दर्ज किए हैं।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse