हजारीबाग में बनेगा झारखंड का पहला मेगा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स

 

खेल प्रतिभाओं को मिलेगा नया मंच 

एबीएन न्यूज नेटवर्क, हजारीबाग। झारखंड का पहला मेगा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स हजारीबाग में बनने जा रहा है। राज्य सरकार खेल प्रतिभाओं को बढ़ावा देने की दिशा में बड़ा कदम उठाने की तैयारी में है। इस महत्वाकांक्षी परियोजना को लेकर कला एवं पर्यटन विभाग के सचिव मुकेश कुमार ने हजारीबाग दौरे के दौरान जिला प्रशासन से प्रस्ताव मांगा है कि किस स्थान को मेगा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के रूप में विकसित किया जा सकता है।  

प्रस्तावित स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में बैडमिंटन, बास्केटबॉल, लॉन टेनिस, स्विमिंग और राइफल शूटिंग समेत कई खेलों की अत्याधुनिक सुविधाएं एक ही परिसर में उपलब्ध करायी जायेंगी। इससे खिलाड़ियों को आधुनिक संसाधन और बेहतर प्रशिक्षण सुविधाएं मिल सकेंगी। नगर निगम के महापौर अरविंद राणा ने बताया कि इस परियोजना के लिए शहर में दो स्थानों को चिह्नित किया गया है। 

इनमें हजारीबाग स्टेडियम और डीवीसी चौक स्थित मौलाना अब्दुल कलाम आजाद आॅडिटोरियम सह इंडोर स्टेडियम शामिल हैं।  यहां स्केटिंग रिंक, योग एवं ध्यान केंद्र, ओपन जिम, रनिंग ट्रैक और मल्टी-एक्टिविटी एरिया जैसी सुविधाएं विकसित करने की योजना है। 

उन्होंने बताया कि परियोजना के तहत प्रशिक्षण एवं प्रतिभा विकास केंद्र भी स्थापित किये जायेंगे, जहां अनुभवी प्रशिक्षकों की देखरेख में खिलाड़यिों को उच्चस्तरीय प्रशिक्षण दिया जायेगा। यह कॉम्प्लेक्स राज्य और राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के आयोजन के लिए भी सक्षम होगा। 

आधिकारिक सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, डीवीसी चौक स्थित मौलाना अब्दुल कलाम आजाद आॅडिटोरियम सह इंडोर स्टेडियम को लेकर विशेष रूप से विस्तृत प्लानिंग की जा रही है और जल्द ही सरकार को इसकी विस्तृत रिपोर्ट सौंपे जाने की संभावना है।

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।

© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse