एबीएन न्यूज नेटवर्क, साहिबगंज। आनंद मार्ग प्रचारक संघ के तत्वावधान में आज बोरियो प्रखंड के घोगी ग्राम पंचायत अंतर्गत दुर्गा टोला में आदिवासी ग्रामीणों के बीच भोजन वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में सैकड़ों ग्रामीण महिला, पुरुष एवं बच्चों ने भाग लिया और भोजन ग्रहण किया।
कार्यक्रम का नेतृत्व कर रहीं अवधूतिका विष्णुमाया आचार्या ने कहा कि जरूरतमंद लोगों के बीच उनकी रोजमर्रा की आवश्यक चीजों की पूर्ति करना ही संस्था का मुख्य उद्देश्य है। मानव सेवा ही सच्ची ईश्वर सेवा है।
संस्था के जिला कार्यालय एवं वित्त विभाग प्रभारी प्रभाकर देव ने कहा कि आज विश्व में जो अव्यवस्था फैली हुई है, इसका समाधान सिर्फ निःस्वार्थ मानव सेवा से ही संभव है। समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचना हमारा कर्तव्य है।
जिला आश्रम प्रभारी अरुण कुमार ने बताया कि संस्था में लोगों द्वारा दिया जाने वाला चंदा सीधे जनकल्याण के कार्यों में लगाया जाता है। पारदर्शिता के साथ हर सहयोग का उपयोग जरूरतमंदों तक पहुंचाने का हम प्रयास करते हैं।
संस्था की सहयोगी सुनीता कुमारी ने महिला सशक्तिकरण पर जोर देते हुए कहा कि महिलाओं को आगे बढ़ाकर ही हम नए युग की कल्पना कर सकते हैं। यदि उनका विकास नहीं होता है तो स्वच्छ समाज और परिवार की कल्पना अधूरी रहेगी।
जिला प्रउत के भुक्ति प्रधान आशुतोष रंजन ने विश्व शांति का संदेश देते हुए कहा की विश्व शांति के लिए मानव जाति को एक होना ही पड़ेगा। ऊंच-नीच का भेदभाव समाप्त करके ही हम विश्व गुरु बनने की कल्पना को साकार कर सकते हैं।
ज्ञात हो कि दुर्गा टोला पहुंचना अत्यंत कष्टकारी है। ऊबड़-खाबड़ रास्तों और दुर्गम पहाड़ी क्षेत्र के कारण यहां पहुंचना बहुत कठिन है। इस इलाके में मूलभूत सुविधाओं का घोर अभाव है और यहां रह रहे आदिवासी लोगों के लिए रोजमर्रा की जरूरत का सामान जुटा पाना एक बड़ी चुनौती है। इन्हीं परिस्थितियों को देखते हुए संस्था ने यहां सेवा कार्य को प्राथमिकता दिया।
इस कार्यक्रम को सफल बनाने में दीपा देवी, तेजस्विनी देव, सुभाषी देव, छोटी देव, सुब्रत देव एवं जयश्नु देव सहित संस्था के अन्य कार्यकर्ताओं का सराहनीय सहयोग रहा। आनंद मार्ग प्रचारक संघ साहिबगंज जिला में लगातार मानव कल्याण के लिए विभिन्न प्रकार के सेवा कार्यक्रम आयोजित करता आ रहा है। उक्त जानकारी आनंद मार्ग प्रचारक संघ के जिला कार्यालय, साहिबगंज ने दी है ।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse