खुशखबरी : टाटा समूह राज्य में खोलेगा होटल

 

सीएम हेमंत सोरेन की पहल पर टाटा समूह का बड़ा निवेश, रांची में खुलेंगे नये होटल 

टीम एबीएन, रांची। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और टाटा समूह के चेयरमैन एन चंद्रशेखरन के बीच आज एक महत्वपूर्ण औपचारिक मुलाकात हुई। मुलाकात के बाद मुख्यमंत्री कार्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में राज्य के विकास और भविष्य की योजनाओं पर विस्तार से चर्चा की गयी। 

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने टाटा समूह के चेयरमैन का स्वागत करते हुए कहा कि टाटा समूह का झारखंड के साथ बहुत पुराना और गहरा संबंध रहा है। उन्होंने कहा कि टाटा समूह ने अपने औद्योगिक सफर की शुरूआत झारखंड की धरती से की थी और आज यह समूह देश ही नहीं बल्कि दुनिया में अपनी अलग पहचान बना चुका है। 

मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि आने वाले समय में यह साझेदारी और मजबूत होगी। टाटा समूह के चेयरमैन एन चंद्रशेखरन ने कहा कि मुख्यमंत्री के साथ लगभग दो घंटे तक सकारात्मक और विस्तृत चर्चा हुई। इस दौरान राज्य के विकास, निवेश और नई संभावनाओं पर बात की गयी। 

प्रेस कॉन्फ्रेंस में जानकारी दी गयी कि टाटा समूह झारखंड में होटल क्षेत्र में विस्तार की योजना बना रहा है। इसकी शुरुआत रांची से होगी और बाद में अन्य शहरों में भी नए होटल खोलने पर विचार किया जायेगा। इसके साथ ही राज्य में स्किल डेवलपमेंट पर विशेष जोर दिया जायेगा। चेयरमैन ने कहा कि युवाओं को रोजगार के योग्य बनाने के लिए कौशल विकास कार्यक्रमों को बड़े स्तर पर आगे बढ़ाया जायेगा। 

उन्होंने बताया कि झारखंड में पहले से टाटा का बड़ा स्टील प्लांट कार्यरत है और टाटा मोटर्स तथा टाटा आटो कंपोनेंट्स जैसी इकाइयां भी सक्रिय हैं। उन्होंने कहा कि झारखंड में काम करना उनके लिए घर जैसा है और टाटा समूह राज्य के विकास में निरंतर सहयोग करता रहेगा। कार्यक्रम के अंत में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सभी राज्यवासियों को होली की शुभकामनाएं दीं और कहा कि यह त्योहार आपसी भाईचारे और खुशहाली का प्रतीक है।

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।

© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse