टीम एबीएन, रांची। पत्र सूचना कार्यालय, सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय, भारत सरकार, रांची/भुवनेश्वर के अपर महानिदेशक अखिल कुमार मिश्रा ने अपने तीन दिवसीय रांची दौरे के दूसरे दिन दूरदर्शन केन्द्र, रांची का दौरा किया।
मौके पर उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ विकसित भारत 2047 के लक्ष्य के संदर्भ में विस्तृत संवाद किया। उन्होंने विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में युवाओं की सक्रिय भागीदारी पर बल देते हुए कहा कि बदलते वैश्विक परिदृश्य में तकनीक तथा आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) के साथ समन्वय अत्यंत आवश्यक है।
संवाद के दौरान अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने विभिन्न विषयों पर प्रश्नोत्तर के माध्यम से अपनी जिज्ञासाओं का समाधान प्राप्त किया। उन्होंने दूरदर्शन, पत्र सूचना कार्यालय तथा केन्द्रीय संचार ब्यूरो की कार्यप्रणाली, उद्देश्यों और जनसंचार में उनकी भूमिका के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने भारत में सूचना प्रसारण के ऐतिहासिक विकास और उसके बदलते स्वरूप पर चर्चा करते हुए बताया कि तकनीक के समावेशन ने सूचना के प्रसार को अधिक सटीक, तीव्र और प्रभावी बनाया है।
सूचना एवं दुष्प्रचार (मिसइन्फॉर्मेशन) की बढ़ती चुनौतियों का उल्लेख करते हुए उन्होंने विश्वसनीय एवं प्रमाणिक सूचना उपलब्ध कराने में पत्र सूचना कार्यालय की महत्वपूर्ण भूमिका को रेखांकित किया। कार्यक्रम के दौरान मीडिया एवं संचार क्षेत्र में तकनीकी बदलावों के प्रभाव, सूचना तंत्र की विश्वसनीयता तथा जनसंचार के बदलते आयामों पर भी सार्थक चर्चा हुई। यह संवाद अधिकारियों एवं कर्मचारियों के लिए ज्ञानवर्धक एवं प्रेरणादायक रहा।
मौके पर दूरदर्शन समाचार इकाई झारखंड के प्रमुख एवं सहायक निदेशक दिवाकर कुमार, कार्यक्रम प्रमुख अमित कुमार, समाचार संपादक सह क्षेत्रीय प्रचार अधिकारी गौरव पुष्कर, कार्यक्रम अधिशासी सुधीर कुमार; कार्यक्रम अधिशासी गोविंद कुमार झा; संचार अधिकारी (सीओएस) अमन कुमार और पीआईबी रांची के कार्यालय प्रमुख राजेश सिन्हा, सूचना सहायक प्रिंस कुमार सहित अन्य अधिकारीगण उपस्थित रहे।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse