शिक्षक, अभिभावक व छात्रों के सामूहिक प्रयास से स्कूल को मिला अवार्ड : सुखदेव भगत

 

  • शिक्षक, अभिभावक व छात्रों के सामूहिक प्रयास से स्कूल को मिला अवार्ड : सुखदेव भगत
  • पीएम श्री राजकीयकृत मध्य विद्यालय नवाडी पाड़ा, लोहरदगा में अभिभावक–शिक्षक बैठक का भव्य आयोजन
  • विद्यालय के सर्वांगीण विकास पर हुई सार्थक चर्चा, सांसद व जिला शिक्षा पदाधिकारी रहे मुख्य अतिथि

एबीएन न्यूज नेटवर्क, लोहरदगा। लोहरदगा स्थित पीएम श्री राजकीयकृत मध्य विद्यालय नवाडी पाड़ा के प्रांगण में अभिभावक–शिक्षक बैठक का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर माननीय सांसद, लोहरदगा तथा जिला शिक्षा पदाधिकारी, लोहरदगा एवं विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष अंजूषा उरांव की गरिमामयी उपस्थिति रही। 

कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यालय के शैक्षणिक, भौतिक एवं नैतिक विकास को लेकर अभिभावकों, शिक्षकों एवं प्रशासन के बीच सीधा संवाद स्थापित करना था। कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय परिवार द्वारा अतिथियों के स्वागत झारखंडी परंपरा से की गयी। विद्यालय के प्रधानाध्यापक ने पौधा एवं अंगवस्त्र भेंट कर सभी अतिथियों का सम्मान किया। इसके पश्चात दीप प्रज्वलन कर बैठक का औपचारिक शुभारंभ किया गया।

सांसद सुखदेव भगत ने अपने संबोधन में कहा कि शिक्षा ही किसी भी समाज की असली ताकत होती है। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा पीएम श्री विद्यालयों के माध्यम से शिक्षा की गुणवत्ता को ऊँचाई तक ले जाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने बच्चों को लक्ष्य निर्धारित कर मेहनत करने की प्रेरणा दी और कहा कि आज का विद्यार्थी ही कल का वैज्ञानिक, डॉक्टर, इंजीनियर, शिक्षक और नेता बनेगा। 

उन्होंने कहा कि विद्यालय को इतने पुरस्कार और सम्मान प्राप्त हो रहा है यह पुरस्कार और सम्मान विद्यालय परिवार द्वारा किए गए परिश्रम का परिणाम है। अभिभावकों को उन्होंने कहा कि आपका बच्चा सबसे प्यारा बच्चा है, आप दूसरे से उसकी तुलना ना करें बच्चों को आसपास की चीजों के बारे में बताएं घर में माहौल अच्छा रखें। 

जिला शिक्षा पदाधिकारी, दास सुनंदा चंद्रमौलेश्वर ने अपने भाषण में कहा कि शिक्षा केवल पुस्तकों तक सीमित नहीं है, बल्कि बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए खेल, कला, संस्कृति, नैतिक शिक्षा और तकनीकी ज्ञान भी उतना ही आवश्यक है। उन्होंने शिक्षकों को नवाचार के साथ पढ़ाने, डिजिटल संसाधनों का उपयोग करने और बच्चों की व्यक्तिगत जरूरतों को समझने की सलाह दी। उन्होंने अभिभावकों से भी आग्रह किया कि वे बच्चों को नियमित विद्यालय भेजें, होमवर्क में सहयोग करें और मोबाइल के अत्यधिक उपयोग से बच्चों को दूर रखें।

विद्यालय के वरीय शिक्षक राहुल कुमार ने अपने संबोधन में विद्यालय की वर्तमान शैक्षणिक स्थिति, उपलब्ध संसाधनों, छात्र–छात्राओं की उपलब्धियों एवं चुनौतियों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि पीएम श्री योजना के अंतर्गत विद्यालय को आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित किया जा रहा है, जिससे बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिल सके। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे बच्चों की पढ़ाई में नियमित रुचि लें और विद्यालय के साथ निरंतर संपर्क में रहें।

इस अवसर पर अभिभावकों ने भी अपने विचार रखे। उन्होंने विद्यालय के शिक्षकों की मेहनत की सराहना की और कुछ समस्याओं एवं सुझावों को भी सामने रखा, जैसे—शिक्षकों की कमी, अतिरिक्त कक्षाओं की व्यवस्था। विद्यालय प्रशासन ने सभी सुझावों को गंभीरता से लेने और यथासंभव समाधान करने का आश्वासन दिया।

बैठक का निष्कर्ष

अभिभावक–शिक्षक बैठक में यह स्पष्ट हुआ कि विद्यालय, अभिभावक और प्रशासन तीनों मिलकर ही बच्चों का बेहतर भविष्य बना सकते हैं। बैठक के अंत में धन्यवाद ज्ञापन किया गया और सभी अभिभावकों से निरंतर सहयोग की अपील की गई।

चूल्हा पानी हाउस के हाउस  समन्वयक नीलम कुमारी, हाउस लीडर सुरेंद्र उरांव उपस्थिति के लिए राहुल कुमार सोनी तथा दीपिका कुमारी तथा रेल परीक्षा के लिए अनुप उरांव तथा सिमरन उरांव, केकरांग हाउस के हाउस समन्वयक राहुल कुमार, हाउस लीडर सुमंती देवी उपस्थित के लिए राजू महतो, अनुष्का एक्का तथा रेल परीक्षा के लिए नवीन उरांव, जुहीरा उरांव धरधरिया हाउस के हाउस समन्वयक सुमित्रा टोप्पो हाउस लीडर अंजूषा उरांव, उपस्थिति के लिए ओजस अविनाश, शीलमंति टाना भगत रेल परीक्षा के लिए अरविंद प्रजापति, अदिति कुमारी स्पोर्ट्स के लिए जगजीवन उरांव, संध्या कुमारी, लावा पानी हाउस के हाउस समन्वयक नेमहंती मिंज, हाउस लीडर रजनी देवी, उपस्थिति के लिए प्रिंस राम रेल परीक्षा के लिए निखिल प्रजापति, विनीता कुमारी इत्यादि  बच्चों के अभिभावक को मेडल सर्टिफिकेट तथा शाल देकर सम्मानित किया गया। 

सांसद ने विद्यालय परिसर में एक पेड़ भी लगाया। कार्यक्रम में सांसद प्रतिनिधि आलोक साहू, जिला कार्यक्रम पदाधिकारी एमलीन सुरीन, सुष्मिता धान, सी आर पी श्याम कुमार सिंह, एसएमसी सदस्य माता समिति के सदस्य पुष्पा देवी, सुनीता देवी, यमुना देवी सहित सैकड़ों अभिभावक उपस्थित थे।

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।

© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse