टीम एबीएन, रांची। रांची के राजकुमार और भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी रांची में एक और आशियाना बनाने की तैयारी में हैं। इसके लिए उन्होंने रांची रिंग रोड के पास सेंबो इलाके में एक एकड़ 92 डिसमिल जमीन खरीदी है। यह नया घर पहाड़ी क्षेत्र में बनाया जायेगा, जहां से आसपास का प्राकृतिक दृश्य दिखाई देता है।
धोनी द्वारा खरीदी गयी जमीन सेंबो क्षेत्र में स्थित है, जहां प्लॉट संख्या 822, 1314, 1322 और 1324 उनके नाम पर दर्ज हैं। इस भूखंड के ठीक बगल में सीआरपीएफ कैंप स्थित है। जानकारी के अनुसार, धोनी भी इसी कैंप की तर्ज पर ऊंचे पहाड़ पर अपना घर बनवाने की योजना पर काम कर रहे हैं, ताकि सुरक्षा और एकांत दोनों का संतुलन बना रहे।
महेंद्र सिंह धोनी ने अपने नए घर के निर्माण के लिए रांची क्षेत्रीय विकास प्राधिकार से अनुमति मांगी थी। इसके तहत उनकी पत्नी साक्षी सिंह धोनी के नाम से नक्शा स्वीकृति के लिए आवेदन किया गया। शुरुआत में तीन तल्लों के निर्माण की अनुमति मांगी गयी थी, लेकिन जमीन का स्वरूप कृषि योग्य होने के कारण नियमानुसार केवल सात मीटर ऊंचाई तक निर्माण की मंजूरी दी गयी।
नियमानुसार स्वीकृति मिलने के बाद धोनी का यह नया आशियाना अब जी प्लस वन तल का होगा। यानी ग्राउंड फ्लोर और एक अतिरिक्त मंजिल का निर्माण किया जायेगा। इसी अनुमति के आधार पर भवन का डिजाइन और संरचना तय की गयी है, ताकि सभी नियमों और मानकों का पालन सुनिश्चित किया जा सके।
धोनी के इस नये ड्रीम होम का डिजाइन जयपुर के प्रसिद्ध आर्किटेक्ट शांतनु गर्ग ने तैयार किया है। शांतनु गर्ग देश के चर्चित युवा वास्तुकारों में शामिल हैं और उन्होंने कई लग्जरी फार्महाउस और हाई-एंड रेजिडेंशियल प्रोजेक्ट्स पर काम किया है। उनकी पहचान मॉडर्न आर्किटेक्चर और नेचर-इंटीग्रेटेड डिजाइन के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी मानी जाती है।
एक एकड़ 92 डिसमिल जमीन पर बनने वाले इस घर का कुल बिल्ट-अप एरिया 2210 वर्गमीटर होगा। घर की योजना इस तरह बनायी गयी है कि आधुनिक सुविधाओं के साथ-साथ खुला और शांत वातावरण भी मिल सके। डिजाइन में पहाड़ी भू-आकृति को ध्यान में रखते हुए संरचना को ढाल पर अनुकूलित किया गया है।
ग्राउंड फ्लोर पर एक बड़ा हॉल बनाया जायेगा, जो परिवार और मेहमानों के लिए उपयोग में आयेगा। इसके साथ ही मल्टी कार गैरेज की व्यवस्था भी की गयी है, ताकि एक से अधिक वाहनों की पार्किंग संभव हो सके। प्रथम तल पर आपस में जुड़े तीन यूनिट का निर्माण प्रस्तावित है।
प्रथम तल पर बनने वाले तीनों यूनिट में प्रत्येक यूनिट में चार-चार कमरे होंगे। इस तरह घर में पर्याप्त निजी और पारिवारिक स्थान उपलब्ध रहेगा। डिजाइन में गोपनीयता और सुविधा दोनों का विशेष ध्यान रखा गया है, ताकि परिवार के सदस्य आरामदायक जीवन जी सकें।
घर के पीछे की ओर 15 गुणा 25 फीट का ओपन रिक्रिएशनल एरिया भी रखा गया है। यह खुला स्थान आराम, मनोरंजन और प्राकृतिक वातावरण का आनंद लेने के लिए उपयोग में आयेगा। पहाड़ी क्षेत्र में स्थित होने के कारण यह हिस्सा घर की खास पहचान बनने की संभावना है।
महेंद्र सिंह धोनी का रांची से गहरा जुड़ाव रहा है। क्रिकेट से संन्यास के बाद भी वह रांची मंड समय बिताते हैं और यहां निवेश करते रहे हैं। सेंबो में प्रस्तावित यह नया आशियाना उनके शहर के प्रति लगाव को एक बार फिर दर्शाता है।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse