गोपाष्टमी पर्व पर श्री कृष्ण प्रणामी गौशाला में श्रद्धा और उल्लास का संगम

 

  • गौसेवा और गौसंवर्धन से जीवन में समृद्धि, शांति और सुख की होती है प्राप्ति : संजय सर्राफ

टीम एबीएन, रांची। श्री कृष्ण प्रणामी सेवा धाम ट्रस्ट द्वारा संचालित पुंदाग स्थित श्री कृष्ण प्रणामी मंगल राधिका सदानंद सेवा धाम में स्थित श्री कृष्ण प्रणामी गौशाला मे गोपाष्टमी पर्व श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ मनाया गया। 

प्रातः 8 बजे मंदिर के पुजारी पं. अरविंद पांडे द्वारा गौमाता की विधिवत पूजा-अर्चना वैदिक मंत्रोच्चार के बीच संपन्न की गई। पूजा के उपरांत गौमाता को विशेष भोग लगाया गया तथा उपस्थित श्रद्धालुओं ने पारंपरिक रूप से गोसेवा करते हुए गायों एवं बछड़ों को गुड़, हरा चारा, दाना और अन्य सामग्री खिलाई। इस दौरान श्रद्धालुओं ने गौमाता को फूल-मालाएं पहनाकर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। 

पूजा-अर्चना के पश्चात श्री राधा कृष्ण मंदिर परिसर में भक्तिमय वातावरण में भजन-कीर्तन का आयोजन किया गया, जिसमें श्रद्धालुओं ने बड़ी संख्या में भाग लिया। मधुर भजनों से संपूर्ण परिसर भक्तिरस में सराबोर हो उठा। इसके उपरांत प्रसाद वितरण का आयोजन हुआ, जिसमें सभी भक्तों ने प्रसाद ग्रहण किया। 

इस पावन अवसर पर सद्गुरु कृपा अपना घर आश्रम में रह रहे दिव्यांग, निराश्रित और असहायजनों एवं सेवादारों को विविध प्रकार के व्यंजनों का स्नेहपूर्वक भोजन कराया गया। ट्रस्ट के उपाध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद अग्रवाल एवं प्रवक्ता संजय सर्राफ ने कहा कि गोपाष्टमी का पर्व हमें गौमाता की महिमा और संरक्षण के प्रति जागरूक करता है। 

उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति में गाय न केवल अन्नदाता है, बल्कि धार्मिक, सामाजिक और पर्यावरणीय दृष्टि से भी अमूल्य है। गौसेवा और गौसंवर्धन से जीवन में समृद्धि, शांति और सुख की प्राप्ति होती है। उन्होंने समाज से आह्वान किया कि हर व्यक्ति अपने सामर्थ्य अनुसार गौसेवा में योगदान दे। गोपाष्टमी उत्सव में ट्रस्ट के सदस्यगण, क्षेत्र के अनेक श्रद्धालु, सेवादार और गणमान्य नागरिक उपस्थित थे। 

सभी ने इस दिव्य आयोजन की सराहना की और कहा कि ऐसे धार्मिक पर्व समाज में सेवा, प्रेम और एकता की भावना को सशक्त करते हैं। अंत में सामूहिक आरती और गौमाता की जयघोष के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। उक्त जानकारी श्री कृष्ण प्रणामी सेवा धाम ट्रस्ट के प्रवक्ता सह मीडिया प्रभारी संजय सर्राफ ने दी।

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।

© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse