रांची : 30 नवंबर जेएससीए में होगा भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच वनडे मैच

 

रांची में इस दिन होगा भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच वनडे मैच, उपायुक्त की अध्यक्षता में हुई महत्वपूर्ण बैठक 

टीम एबीएन, रांची। झारखंड स्टेट क्रिकेट एसोसिएशन (जेएससीए) स्टेडियम, धुर्वा, रांची में आगामी 30 नवंबर 2025 को भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच वनडे मैच के आयोजन को लेकर उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी मंजूनाथ भजंत्री की अध्यक्षता में कार्यालय कक्ष में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। 

इस बैठक का मुख्य उद्देश्य क्रिकेट मैच के दौरान विधि-व्यवस्था, सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को सुनिश्चित करना था। भजन्त्री ने बैठक में क्रिकेट मैच के दौरान अपेक्षित भारी भीड़ को ध्यान में रखते हुए यातायात और सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष जोर दिया। 

भजंत्री ने विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए दंडाधिकारियों और पुलिस पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति, यातायात प्रबंधन और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं पर क्रमवार चर्चा की। उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी व्यवस्थाएं सुचारु रूप से सुनिश्चित किया जाये, ताकि दर्शकों और खिलाड़ियों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो। 

भजंत्री ने यह भी आश्वासन दिया कि जिला प्रशासन जेएससीए को हर संभव सहयोग प्रदान करेगा ताकि यह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच रांची में भव्य और व्यवस्थित रूप से संपन्न हो सके। भजंत्री ने कहा, हमारा लक्ष्य है कि यह आयोजन न केवल खेल प्रेमियों के लिए यादगार हो, बल्कि रांची की छवि एक उत्कृष्ट मेजबान के रूप में और मजबूत हो। 

जेएससीए के अध्यक्ष अजय नाथ शाहदेव ने जिला प्रशासन के सहयोग की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह की समन्वित तैयारियां आयोजन की सफलता को सुनिश्चित करेंगी। सचिव सौरभ तिवारी ने भी इस अवसर पर स्टेडियम की तैयारियों और अन्य व्यवस्थाओं के बारे में जानकारी साझा की। 

बैठक में वरीय पुलिस अधीक्षक रांची, राकेश रंजन, पुलिस अधीक्षक रांची, पारस राणा, पुलिस अधीक्षक यातायात रांची, अनुमंडल पदाधिकारी सदर रांची, उत्कर्ष कुमार, जेएससीए के अध्यक्ष अजय नाथ शाहदेव, सचिव सौरभ तिवारी सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।

© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse