खूंटी : हाथियों के झुण्ड ने मां-बेटे को मार डाला

 

  • हाथियों के झुंड ने ध्वस्त किया घर, मलबे में दबा परिवार, मां-बेटे की दर्दनाक मौत

टीम एबीएन, खूंटी/रांची। झारखंड में जंगलों से सटे कई रिहायशी इलाकों में हाथियों के झुंड का भयावह तांडव देखने को मिल रहा है। हाथियों के द्वारा न सिर्फ खेतों में लगी किसानों के फसलों, बल्कि उनके आशियानों को नुकसान पहुंचाया जा रहा है। 

रांची से सटे खूंटी जिला के अंतर्गत कर्रा प्रखंड के जरियागढ़ थाना क्षेत्र में तो हाथियों के झुंड ने ऐसा उत्पात मचाया कि पूरे गांव में डर और दहशत का आलम हो गया है। यहां हाथियों के झुंड ने एक घर को ध्वस्त कर दिया। घर के अंदर मौजूद मां-बेटे की मौत हो गयी। जबकि, बेटी गंभीर रूप से घायल है। 

जरियागढ़ थाना क्षेत्र के बकसपुर गांव स्थित रेलवे स्टेशन टोली में बुधवार की देर रात एकाएक हाथियों का झुंड पहुंच गया। उन्होंने तांडव मचाते हुए पहले एक घर को ध्वस्त कर दिया, जिस कारण घर के अंदर सो रही एतवारी बरला और उनके लगभग 4 वर्षीय मासूम बेटे तुलसी बारला की घर के गिरे हुए मलबे में दबने के कारण मौत हो गयी।

जबकि इस हादसे में मृतक महिला की एक दूसरी बेटी जिसकी उम्र लगभग 8 वर्ष है, वह गंभीर रूप से घायल हो गयी। उसे स्थानीय लोगों के द्वारा इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है। घर को ध्वस्त करने और मलबे में दबकर 2 लोगों की मौत होने के बाद भी हाथियों का तांडव जारी रहा। 

गांव के ही एक और घर के बाहर सो रही एक वृद्ध महिला को भी हाथियों ने अपनी सूंड से उठाकर पटक दिया। हालांकि, इस घटना में महिला को गंभीर चोट नहीं लगी और वह पूरी तरह सुरक्षित है। जानकारी के मुताबिक, रेलवे स्टेशन टोली के रहने वाले किसान डोडेया बारला के घर के बाहर हाथियों का एक झुंड पहुंचा।

उन्होंने घर की दीवार को धक्का मार-मार कर ध्वस्त कर दिया, जिस कारण घर के अंदर सो रहे तीन लोग दब गये। इसमें एतवारी बारला और 4 वर्षीय बेटे तुलसी बारला की मौत हो गयी। जबकि घर के अंदर सो रही उनकी 8 वर्षीय बेटी बांधनी बारला गंभीर रूप से घायल हो गयी। जिसे इलाज के लिए खूंटी जिला के सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।

© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse