भाजपा की करनी और कथनी में भारी फर्क : हेमंत सोरेन

 

  • BJP जो कहती है, वो करती नहीं, शिबू सोरेन को भारत रत्न देने की मांग पर बोले CM हेमंत

टीम एबीएन, रांची। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने विधानसभा के पूरक मॉनसून सत्र के आखिरी दिन विपक्ष पर विकास कार्यों में बाधा डालने का आरोप लगाया। मुख्यमंत्री ने सदन में भोजनावकाश के बाद अपने समापन भाषण में गुरुजी (शिबू सोरेन) को याद करते हुए तेलंगाना राज्य के निर्माण में उनके योगदान को बताया। 

उन्होंने कहा कि सरकार संघर्ष करने वाले साथियों के सपनों को पूरा करने के लिए काम कर रही है। उन्होंने बीजेपी शासित राज्यों में आदिवासियों और दलितों की स्थिति पर भी सवाल उठाए। कहा कि विपक्ष का एकमात्र उद्देश्य राजनीतिक फायदे उठाना है। वे बिना किसी मुद्दे के सरकार का विरोध करते हैं। उन्होंने विपक्ष पर संवैधानिक संस्थाओं का दुरुपयोग करने का आरोप लगाया।

मुख्यमंत्री हेमंत ने कहा कि उनकी सरकार गांवों में रहने वाले लोगों के लिए काम करती है। शिबू सोरेन को भारत रत्न देने की मांग पर हेमंत सोरेन ने कहा कि केंद्र में बीजेपी की सरकार है। बीजेपी जो कहती है, वो करती नहीं है। उन्होंने लद्दाख के सोनम वांगचुक के संस्थान को नोटिस भेजने का भी जिक्र किया और कहा कि इस पर कभी भी बुलडोजर चलाया जा सकता है। 

मुख्यमंत्री सोरेन ने बीजेपी पर पीएम-सीएम को जेल भेजने वाले बिल के पीछे एजेंडा चलाने का आरोप लगाया। उन्होंने एसआईआर पर निशाना साधते हुए कहा कि बिहार में वोट काटे जा रहे हैं। उन्होंने पिछले साल बिरसा मुंडा की जयंती पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को निमंत्रण देने और फिर कार्यक्रम रद्द करने का मुद्दा उठाया। 

उन्होंने कहा कि पीएम मोदी खूंटी आए और कई योजनाओं की घोषणा की, लेकिन उन योजनाओं का क्या हुआ, यह कोई नहीं जानता। सोरेन ने कहा कि झारखंड के खनिजों से कई लोग अमीर बन गये, लेकिन झारखंड को क्या मिला? उन्होंने कहा कि झारखंड देश को पालता-पोसता है और खुद खोखला होता जा रहा है जहां यूरेनियम की खुदाई होती है, वहां बच्चे अपंग पैदा होते हैं। पीएम मोदी के कार्यालय से खदानों की नीलामी की निगरानी होती है।

सोरेन ने छत्तीसगढ़ के जंगलों का मुद्दा उठाते हुए कहा कि प्रकृति से छेड़छाड़ के कारण ही इतनी बारिश हो रही है। उन्होंने कहा कि धार्मिक स्थलों में लोग राम-राम नहीं, बचाओ-बचाओ बोल रहे हैं। झारखंड देश के बड़े पूंजीपतियों के विकास के लिए बड़ी कीमत चुका रहा है। सोरेन ने फ्लाईओवर के विरोध पर कहा कि इस बारिश में इसके बनने से कितना फायदा हुआ। उन्होंने रिम्स टू के विरोध पर भी बीजेपी को घेरा और कहा कि बीजेपी विरोध करने के लिए फंडिंग भी कर रही है। 

उन्होंने गुजरात में फर्जी राजनीतिक दलों के फंडिंग के मुद्दे की चर्चा की और कहा कि बीजेपी गुजरात में किस तरह काम कर रही है। उन्होंने भारी बारिश में गिर रहे पुलों पर भी बीजेपी पर निशाना साधा। उन्होंने बीजेपी नेताओं को याद दिलाया कि वे झारखंड के विधायक हैं, दिल्ली- गुजरात के पूंजीपतियों के प्रतिनिधि नहीं।

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।

© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse