गुमला। स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय भारत सरकार द्वारा जारी दिशा-निर्देश के आलोक में आज से गुमला जिलांतर्गत सभी सरकारी, गैर सरकारी विद्यालयों में अध्ययनरत 15 से 18 वर्ष के विद्यार्थियों को कोविड-19 टीकाकरण से आच्छादित करने संबंधित कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। इसी कड़ी में उपायुक्त गुमला शिशिर कुमार सिन्हा ने अपर समाहर्त्ता सुधीर कुमार गुप्ता एवं सदर अनुमंडल पदाधिकारी रवि आनंद को साथ लेकर सदर प्रखंड स्थित एस.एस प्लस टू उच्च विद्यालय (बालक), संत इग्नासियुस उच्च विद्यालय, लुथेरन उच्च विद्यालय, एसएस प्लस टू उच्च विद्यालय घाघरा, टाना भगत इंटर महाविद्यालय एवं जवाहर नवोदय विद्यालय मसरिया में आयोजित टीकाकरण शिविरों का निरीक्षण किया। गुमला एसएस प्लस टू उच्च विद्यालय (बालक) के निरीक्षण के क्रम में विद्यालय की प्रधानाध्यापिका शुभ्रा भारती ने बताया कि विद्यालय में 15 से 18 वर्ष के लगभग 1200 विद्यार्थी हैं, जिनमें से आज 93 विद्यार्थियों को कोवैक्सीन का डोज दिलाया गया। शिविर में कोरोना का टीका एएनएम, सहिया, स्वास्थ्य कर्मियों द्वारा दिया गया तथा विद्यार्थियों का पंजीकरण शिक्षक गणों द्वारा किया गया। उपायुक्त ने प्रधानाध्यापिका को शेष सभी सुयोग्य विद्यार्थियों को अगले 03 दिनों में कोरोना का टीका लगवाने का निर्देश दिया। साथ ही उन्होंने टीका लगाने के पश्चात विद्यार्थियों को कम से कम आधे घंटे तक आॅब्जरवेशन में रखने पर भी विशेष जोर दिया। उन्होंने बच्चों को टीका लगाने के पश्चात् प्राथमिकता के आधार पर आवश्यक दवाइयां भी उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। उपायुक्त ने संत इग्नासियुस उच्च विद्यालय में संचालित कोविड टीकाकरण शिविर का निरीक्षण किया। निरीक्षण के क्रम में प्राचार्य मनोहर खोया ने बताया कि विद्यालय में 15 से 18 वर्ष के लगभग 1200 विद्यार्थी हैं, जिनमें से आज 70 विद्यार्थियों को कोरोना का टीका लगाया गया। इस पर उपायुक्त ने टीका देने के पश्चात विद्यार्थियों को पेरासिटामोल की गोली अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। वहीं अपर समाहर्ता सुधीर कुमार गुप्ता ने शिक्षक गणों को विद्यार्थियों का पंजीकरण करते समय त्रुटि रहित मोबाइल नंबर तथा आधार संख्या संधारित करने पर भी बल दिया। लूथेरन उच्च विद्यालय में संचालित कोविड टीकाकरण शिविर के निरीक्षण के दौरान पाया गया कि विद्यालय में कुल 951 विद्यार्थी नामांकित हैं, जिसमें से 15 से 18 वर्ष के कुल 345 विद्यार्थी हैं। इन सुयोग्य विद्यार्थियों में से आज नवीं एवं दसवीं कक्षा के लगभग 31 विद्यार्थियों को कोरोना का टीका लगाया गया। इसके पश्चात उपायुक्त ने घाघरा एसएस प्लस टू उच्च विद्यालय में संचालित कोविड टीकाकरण शिविर का निरीक्षण किया। निरीक्षण के क्रम में पाया गया कि विद्यालय में 15 से 18 वर्ष के कुल 912 विद्यार्थी हैं। जिसमें से आज लगभग 196 विद्यार्थियों को कोरोना का टीका दिलाया गया। उपायुक्त ने निरीक्षण के दौरान बालक एवं बालिका शौचालय की जांच की। जांच में बालक शौचालय का रखरखाव निम्न पाया गया, वहीं बालिका शौचालय का दरवाजा टूटा हुआ पाया गया। जिस पर उपायुक्त ने नाराजगी व्यक्त करते हुए हेड मास्टर संतोष को फटकार लगाया। उन्होंने बालक शौचालय का रखरखाव अविलंब सुदृढ़ करने तथा बालिका शौचालय के टूटे हुए दरवाजे की जल्द से जल्द मरम्मती सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। वहीं विद्यालय परिसर के निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने भूमि समतलीकरण तथा अनावश्यक उगी झाड़ियों की कटाई एवं साफ-सफाई अगले 3 दिनों में सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने सदर अनुमंडल पदाधिकारी को अगले 03 दिनों के अंदर बालक एवं बालिका शौचालय की मरम्मती, भूमि समतलीकरण एवं झाड़ियों की साफ-सफाई का पुन: अवलोकन करने का निर्देश दिया। साथ ही उन्होंने जिला परिषद द्वारा निर्मित शौचालय का भौतिक सत्यापन एवं जांच भी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने हेड मास्टर को विद्यालय परिसर की सुंदरीकरण, भवन का रंग रोगन, फूल पौधों से परिसर के सुसज्जीकरण का भी निर्देश दिया। टाना भगत इंटर महाविद्यालय के निरीक्षण के क्रम में पाया गया कि विद्यालय में 15 से 18 वर्ष के 464 विद्यार्थी हैं। जिनमें से आज लगभग 67 विद्यार्थियों को कोरोना का टीका दिलाया गया। इस पर उपायुक्त ने 06 जनवरी तक शेष सभी विद्यार्थियों को शत प्रतिशत कोरोना का टीका दिलाने का निर्देश दिया। निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने विद्यार्थियों से वातार्लाप कर उन्हें अपने साथ-साथ अपने परिवार के सदस्यों, मित्रों तथा अपने आसपास रहने वाले लोगों को भी करोना का टीका लेने हेतु प्रेरित करने की अपील की। विद्यार्थियों से वातार्लाप के दौरान जिला प्रशासन द्वारा बच्चों के बीच में मास्क का भी वितरण किया गया। उपायुक्त ने वैश्विक महामारी कोरोना संक्रमण के बढ़ते प्रसार को देखते हुए विद्यार्थियों से तीन मूल मंत्रों को अपने जीवन में अपनाने पर जोर दिया। उन्होंने निरंतर मास्क पहनने, हाथ धुलाई की आदतों को अपनाने तथा सामाजिक दूरी के नियमों का पालन करने की अपील की। उपायुक्त ने मसरिया स्थित जवाहर नवोदय विद्यालय का निरीक्षण किया। निरीक्षण के क्रम में पाया गया कि विद्यालय में कुल 563 विद्यार्थी नामांकित हैं। जिनमें से 15 से 18 वर्ष के कुल 317 विद्यार्थी हैं। इनमें से आज लगभग 200 विद्यार्थियों को कोरोना का टीका लगाया गया। उपायुक्त के निरीक्षण के दौरान अपर समाहर्त्ता सुधीर कुमार गुप्ता, सदर अनुमंडल पदाधिकारी रवि आनंद, सिविल सर्जन डॉ.राजू कच्छप, सदर प्रखंड विकास पदाधिकारी सुकेशनी केरकेट्टा, अंचलाधिकारी कुशलमय केनेथ मुण्डू, प्रखंड विकास पदाधिकारी घाघरा बिष्णुदेव कच्छप, अंचलाधिकारी धनंजय पाठक, विद्यालयों के प्राचार्य/ प्रधानाध्यापिका, शिक्षक गण, एएनएम, सहिया, स्वास्थ्य कर्मी एवं विद्यार्थी व अन्य उपस्थित थे।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse