टीम एबीएन, रांची। झारखंड के कई जिलों में पिछले 48 घंटों से हो रही लगातार बारिश ने भारी तबाही मचाई दी है। अब तक 10 लोगों की मौत और 25 से ज्यादा लोगों के घायल होने की खबर है। कई जगह सड़कों पर पानी भर गया, मकान गिर गये, पुल टूट गए और नदियां उफान पर हैं। हालात को देखते हुए एनडीआरएफ की टीमें रेस्क्यू के लिए भेजी गई हैं।
खूंटी जिले में मिट्टी धंसने से 2 छात्रों की मौत हो गई। 22 घंटे का रेस्क्यू ऑपरेशन चला, लेकिन उन्हें नहीं बचाया जा सका। खूंटी के डोड़मा गांव में एक कच्ची दीवार गिरने से 19 साल के राजकुमार मांझी की मौत हो गई। चाईबासा (प. सिंहभूम) में 1 महिला की मौत और 3 बच्चे घायल हो गए।
रांची के तमाड़ में घर गिरने से 6 साल की एक बच्ची की जान चली गई। खूंटी के अड़की क्षेत्र में करकरी नदी पर 6 मजदूर पुल पर फंस गए। रेस्क्यू जारी है। रांची के नामकुम इलाके में 25 से अधिक लोग पानी में फंसे थे, जिन्हें सुरक्षित निकाला गया। सिमडेगा-खूंटी के बीच बनई नदी का पुल टूट गया, जिससे ओडिशा से संपर्क टूट गया। एक ट्रक भी फंस गया।
लातेहार (बालूमाथ) में एक ट्रक पानी में बह गया। जमशेदपुर, धनबाद और बोकारो में सड़क हादसों में 5 लोगों की मौत हो चुकी है। हजारीबाग (बरकट्ठा) में पानी भरी सड़क पर बस फिसलने से 10 लोग घायल हो गए हैं। वहीं, लगातार बारिश से जमशेदपुर में टाटा-रांची मार्ग पर सड़कें जलमग्न हो गईं। रामगढ़ (रजरप्पा) में भैरवी नदी में उफान आने से दुकानें डूब गईं।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse