रातू रोड फ्लाइओवर के उद्घाटन में देरी जनता का अपमान : डॉ तनुज

 

पहले वर्षों तक भाजपा विधायक सीपी सिंह ने नहीं बनने दिया रातू रोड फ्लाइओवर और अब भाजपा इसके उद्घाटन में देरी कर जनता को कर रही परेशान 

टीम एबीएन, रांची। झारखंड मुक्ति मोर्चा के केंद्रीय सदस्य डॉ तनुज ने रांची के बहुप्रतीक्षित रातू रोड फ्लाइओवर के उद्घाटन में हो रही देरी को लेकर भारतीय जनता पार्टी पर तीखा प्रहार किया है। उन्होंने इसे जनता के साथ सीधा धोखा और मजाक करार देते हुए कहा कि जब भाजपा की सरकार राज्य और केंद्र दोनों जगह थी, तब भी रांची में एक भी फ्लाइओवर जनता को समर्पित नहीं किया जा सका। 

उन्होंने कहा कि रांचीवासियों ने वर्षों तक रातू रोड फ्लाइओवर की मांग की, लेकिन भाजपा के स्थानीय विधायक सीपी सिंह ने इसे बार-बार रोकने, डराने और टालने का प्रयास किया। कभी दुकानदारों को धमकाया गया कि फ्लाइओवर बनने से दुकानें बंद हो जायेंगी। 

कभी बहाने बनाकर प्रोजेक्ट को फाइलों में दबा दिया गया। यह सब कुछ भाजपा की वोटबैंक राजनीति का हिस्सा था। जब राज्य में हेमंत सोरेन जी के नेतृत्व में सरकार बनी, तभी जाकर इस परियोजना को प्रशासनिक स्वीकृति मिली और कार्य जमीन पर शुरू हुआ। भले ही निर्माण एनएचएआई के जरिए हुआ हो, पर राज्य सरकार की भूमिका हर स्तर पर निर्णायक रही, जैसे: 

  • भूमि अधिग्रहण : जरूरी जमीन राज्य सरकार और जिला प्रशासन ने उपलब्ध करायी। 
  • यूटिलिटी शिफ्टिंग : बिजली, पानी, सीवरेज जैसी सेवाओं को हटाने का दायित्व राज्य की एजेंसियों ने निभाया। 
  • स्थानीय अनुमति और पर्यावरणीय क्लीयरेंस : नगर निगम और विभागीय मंजूरी दिलवाना राज्य सरकार ने सुनिश्चित किया। 
  • जन संवाद और समाधान : स्थानीय विरोध या अड़चनें दूर करने के लिए संवाद स्थापित किया गया। 
  • प्रोजेक्ट मॉनिटरिंग और समर्थन : जिला प्रशासन ने समय-समय पर समीक्षा कर सहयोग सुनिश्चित किया। 

डॉ तनुज ने भाजपा पर तीखा व्यंग्य करते हुए कहा: 

बिना ढोल-नगाड़े, बिना पीआइ कैमरों की चमक-धमक के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने रांची को एक नहीं, दो-दो फ्लाइओवर रिकॉर्ड समय में जनता को समर्पित कर दिये जनता की जरूरत के लिए, न कि दिखावे के लिए। लेकिन भाजपा की आदत रही है हर चीज का श्रेय लेने की बेचैनी। चाहे ट्रेन हो, सड़क हो या शौचालय — उद्घाटन करने के लिए प्रधानमंत्री को बुलाना इनकी जरूरत बन चुकी है। ऐसे में यह मानना मुश्किल नहीं कि बिना किसी केंद्रीय मंत्री की औपचारिक उपस्थिति, रातू रोड फ्लाइओवर जैसे महत्त्वपूर्ण प्रोजेक्ट को चालू करने की हिम्मत भी नहीं कर पा रहे हैं। 

डॉ तनुज ने कहा कि झारखंड सरकार ने जमीन दी, विभागीय मंजूरियां दीं, तकनीकी और प्रशासनिक सहयोग भी दिया पर अब केवल इसलिए जनता को इंतजार करवाया जा रहा है क्योंकि भाजपा को दिल्ली से हुक्म चाहिए। 

यह तो वही पुरानी भाजपा की शैली है आत्मनिर्भरता की बात करने वाले लोग असल में राजनीतिक फैसलों तक के लिए दिल्ली की तरफ देखते हैं। दुर्भाग्य यह है कि जब तक कोई मंत्री आकर फीता नहीं काटेंगे, तब तक रांची की जनता ट्रैफिक और तकलीफ में फंसी रहेगी। 

झारखंड मुक्ति मोर्चा की मांग की है कि जनता की जरूरतों को राजनीतिक तमाशा बनाना बंद करें और बिना देरी के रातू रोड फ्लाइओवर आम जनता के लिए चालू करें।

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।

© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse