हिंदी पत्रकारिता दिवस 30 मई को

 

  • हिंदी पत्रकारिता अभिव्यक्ति की आवाज़ और समाज का आईना : संजय सर्राफ

एबीएन सोशल डेस्क। झारखंड पेरेंट्स एसोसिएशन के प्रांतीय प्रवक्ता सह हिंदी साहित्य भारती के उपाध्यक्ष संजय सर्राफ ने कहा है कि हर वर्ष 30 मई को हिंदी पत्रकारिता दिवस के रूप में मनाया जाता है। यह दिन हिंदी पत्रकारिता के इतिहास में एक महत्वपूर्ण मोड़ को दर्शाता है। इसी दिन सन् 1826 में उदन्त मार्तण्ड नामक पहले हिंदी समाचार पत्र का प्रकाशन आरंभ हुआ था। इस ऐतिहासिक घटना की स्मृति में यह दिवस मनाया जाता है। उदन्त मार्तण्ड का संपादन और प्रकाशन पंडित जुगल किशोर शुक्ल ने किया था। 

यह साप्ताहिक समाचार पत्र कोलकाता से प्रकाशित हुआ, जो उस समय भारत में अंग्रेजी शासन का प्रमुख केंद्र था। यद्यपि यह समाचार पत्र आर्थिक कारणों से केवल 79 अंक ही निकाल पाया, परंतु इसने हिंदी पत्रकारिता की नींव रख दी। हिंदी पत्रकारिता ने आज़ादी की लड़ाई में अहम भूमिका निभाई। इसने आम जनमानस को अंग्रेजों के अत्याचारों से अवगत कराया और स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के विचारों को जन-जन तक पहुँचाया।

हिंदी समाचार पत्रों ने लोगों में चेतना जगाने का काम किया और भारतीय अस्मिता को शब्दों में ढाला। आजादी के बाद हिंदी पत्रकारिता ने लोकतंत्र को मजबूत करने में भी महत्वपूर्ण योगदान दिया है। यह आम जनता और सरकार के बीच सेतु का कार्य करती है। लोकतंत्र में चौथे स्तंभ के रूप में पत्रकारिता सत्ता पर निगरानी रखने का कार्य करती है और जनहित के मुद्दों को उठाती है। 

वर्तमान समय में डिजिटल युग ने पत्रकारिता के स्वरूप को व्यापक रूप से बदला है। प्रिंट मीडिया के साथ-साथ इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया का प्रभाव बढ़ा है। सोशल मीडिया के माध्यम से समाचार तेजी से फैलते हैं, लेकिन इसके साथ ही फेक न्यूज़ और भ्रामक जानकारी की चुनौती भी सामने आई है। ऐसे में पत्रकारिता की जिम्मेदारी और भी बढ़ गई है। 

हिंदी पत्रकारिता दिवस केवल एक तिथि नहीं, बल्कि उस आंदोलन की याद दिलाता है जिसने हिंदी को जनसंवाद की भाषा बनाया। यह दिवस पत्रकारों को उनके उत्तरदायित्व की याद दिलाता है कि वे निष्पक्ष, निर्भीक और सत्यनिष्ठ पत्रकारिता करें। यह समाज को सच से जोड़ने और लोकतंत्र को मजबूती देने का अवसर है।

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।

© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse