एबीएन एंटरटेनमेंट डेस्क। मैन आफ मासेस जूनियर एनटीआर आगामी फिल्म मेड इन इंडिया में भारतीय सिनेमा के जनक दादासाहेब फाल्के की भूमिका निभाने जा रहे हैं।
यह फिल्म एक पैन-इंडिया रिलीज के तौर पर तैयार की जा रही है और इसे भारतीय सिनेमा की शुरूआत और विकास पर आधारित बायोपिक के रूप में प्रस्तुत किया जायेगा। वर्ष 2023 में एसएस राजामौली ने इस प्रोजेक्ट की घोषणा की थी, जिसे वरुण गुप्ता (मैक्स स्टूडियोज) और एसएस कार्तिकेय (शोइंग बिजनेस) द्वारा प्रोड्यूस किया जाएगा।
तब से इस फिल्म की स्क्रिप्ट पर काम चल रहा था और अब इसकी फाइनल ड्राफ्ट लॉक कर दी गयी है। सूत्रों के अनुसार, हाल ही में एसएस राजामौली, एसएस कार्तिकेय और वरुण गुप्ता ने यह स्क्रिप्ट जूनियर एनटीआर को सुनायी, जिन्होंने तुरंत ही फिल्म के लिए अपनी स्वीकृति दे दी।
वह दादासाहेब फाल्के की अनजानी कहानियों से बेहद प्रभावित हुए। यह कहानी भारतीय सिनेमा के जन्म और विकास पर आधारित है, और इसकी बारीकियों ने जूनियर एनटीआर को चौंका दिया। स्क्रिप्ट सुनने के बाद, उन्होंने स्क्रीनप्ले और उसके ट्रीटमेंट पर विस्तार से चर्चा की। यह फिल्म उन्हें एक्शन से हटकर एक ऐसा किरदार निभाने का मौका देगी, जो उन्होंने पहले कभी नहीं किया।
मेड इन इंडिया एसएस राजामौली, एसएस कार्तिकेय और वरुण गुप्ता की रचनात्मक दृष्टि के साथ भारतीय सिनेमा के इतिहास में गहराई से उतरने का प्रयास करेगी। यह फिल्म दादासाहेब फाल्के की नजर से भारतीय सिनेमा की शुरूआत को दिखाएगी और दर्शकों को एक ऐसा सिनेमाई अनुभव देगी जो पहले कभी नहीं देखा गया।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse