टीम एबीएन, रांची। रांची के धुर्वा इलाके में एक शादी समारोह में हुई फायरिंग में एक युवक को गोली लग गयी। घायल युवक को इलाज के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वारदात सोमवार देर रात की है। रांची के धुर्वा थाना क्षेत्र में एक शादी समारोह में डांस करने के दौरान गुलशन पांडेय उर्फ मेडी को गोली लग गयी। सोमवार रात करीब 11 बजे हुई इस घटना के बाद शादी समारोह में अफरा-तफरी मच गयी।
मौके पर मौजूद कुछ लोगों ने बताया कि कई लोग डांस कर रहे थे और इसी दौरान फायरिंग की आवाज सुनाई दी और गुलशन जमीन पर गिर पड़ा। लेकिन गोली किसने चलाई यह कोई नहीं देख पाया। अफरा-तफरी के बीच घायल गुलशन को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जानकारी के मुताबिक गोली गुलशन की पीठ में लगी है।
धुर्वा थाना प्रभारी विमल किंडो ने बताया कि शादी समारोह में फायरिंग की घटना हुई है, एक युवक को गोली लगी है। हालांकि घायल युवक का बयान अभी नहीं लिया जा सका है। तलाशी के दौरान हथियार भी बरामद नहीं हुआ है। पूछताछ में यह जरूर पता चला कि गुलशन का डैम किनारे रहने वाले कुछ युवकों से विवाद था। उस एंगल पर भी जांच की जा रही है।
मौके पर मौजूद लोगों ने पुलिस को बताया है कि भीड़ का सहारा लेकर गुलशन को गोली मारी गयी। यही वजह है कि कोई यह नहीं देख पाया कि गोली किसने चलायी। जब गोली चली तो सभी गुलशन को अस्पताल ले जाने में व्यस्त हो गये, सभी का ध्यान उस ओर चला गया, इसलिए कोई भी गोली चलाने वाले पर ध्यान नहीं दे पाया।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse