राज्य में निवेश को बढ़ावा देने के लिए योजनाबद्ध तरीके से बढ़ रहे हैं आगे
निवेशकों के निवेश से जुड़े इश्यूज का होगा समाधान
सभी के सहयोग से झारखंड में विकास को दे रहे हैं गति
एबीएन न्यूज नेटवर्क, बिस्वा बांग्ला मेला प्रांगण, कोलकाता, पश्चिम बंगाल/ रांची। मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन के प्रयासों का परिणाम है कि झारखंड "इन्वेस्टर्स हब" बनने की राह पर तेजी से आगे बढ़ रहा है ।इस सिलसिले में उद्यमियों/ निवेशकों द्वारा झारखंड में 26 हज़ार करोड़ रुपए से अधिक के निवेश का प्रस्ताव मिल चुका है। इस निवेश से 15 हज़ार से ज्यादा रोजगार सृजित होगा। विदित हो कि निवेश का प्रस्ताव दे चुके इन निवेशकों ने बिस्वा बांग्ला मेला प्रांगण, कोलकाता में शुरू हुए दो दिवसीय बंगाल ग्लोबल बिजनेस समिट- 2025 के तहत आयोजित एडवांटेज झारखंड" में मुख्यमंत्री से मुलाकात कर उद्यम स्थापित करने की योजना की विस्तार से जानकारी दी। विदित हो कि इन निवेशकों में से कई ने नए उद्यम लगाने तो कुछ उद्यमियों ने यहां पहले से स्थापित अपने उद्योगों के विस्तार के प्लान से मुख्यमंत्री को अवगत कराया।
मुख्यमंत्री ने निवेशकों को भरोसा देते हुए कहा कि सरकार झारखंड में उद्यम लगाने वालों को हर संभव सहयोग करेगी।
*_आप निवेश करें, समस्याओं का समाधान सरकार करेगी_*
मुख्यमंत्री के समक्ष निवेशकों ने निवेश को लेकर जमीन अधिग्रहण के साथ आ रही अन्य परेशानियों और समस्याओं को रखा। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस राज्य में उद्यम स्थापित करने की दिशा में आपने जो इश्यूज रखे हैं, उसे सरकार संज्ञान में लेकर उसका निराकरण करेगी। हमारी सरकार राज्य में निवेश को बढ़ावा देने के लिए एक ऐसी नीति और योजना के साथ आगे बढ़ रही है, जिसमें निवेशकों के साथ आम लोगों को भी फायदा होगा। हमारा प्रयास वैसे उद्योगों को बढ़ावा देना है, जिससे ज्यादा से ज्यादा रोजगार सृजन हो। इस राज्य में निवेश करने के लिए आगे बढ़ें, हमारी सरकार आपको सहयोग करेगी।
*_आपको हमारा साथ चाहिए, हमें आपका साथ चाहिए_*
मुख्यमंत्री ने निवेशकों से कहा कि झारखंड अपार संभावनाओं वाला राज्य है । खनिज संसाधनों की प्रचुरता के साथ कई ऐसे क्षेत्र हैं, जहां निवेश किया जा सकता है। इसके लिए जिस तरह आपको हमारा साथ चाहिए, वैसे ही हमें आपका साथ चाहिए। सभी के सहयोग से झारखंड में विकास को गति दे सकते हैं।
मुख्यमंत्री ने बिस्वा बांग्ला मेला प्रांगण, कोलकाता में बंगाल ग्लोबल बिजनेस समिट- 2025 के तहत लगे झारखंड पवेलियन का उद्घाटन किया। इस पवेलियन में झारखंड के विभिन्न सेक्टरों के द्वारा स्टाल लगाए गए हैं। इस अवसर पर विधायक कल्पना सोरेन, मुख्यमंत्री के अपर मुख्य सचिव अविनाश कुमार, सचिव मनोज कुमार, सचिव जितेंद्र सिंह और सचिव विप्रा भाल समेत कई अधिकारी मौजूद थे।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse