खूंटी के डियर पार्क के जल्द खुलेगा क्षेत्रीय प्रशिक्षण केंद्र

 

झारखंड में खुलेगा राष्ट्रीय जन सहयोग एवं बाल विकास संस्थान का क्षेत्रीय प्रशिक्षण केंद्र 

टीम एबीएन, रांची। झारखंड में केंद्र सरकार प्रायोजित राष्ट्रीय जन सहयोग एवं बाल विकास संस्थान का क्षेत्रीय प्रशिक्षण केंद्र खुलेगा। इसके लिए खूंटी के डियर पार्क के पास 5 एकड़ जमीन चिह्नित की गयी है। फिलहाल संस्थान शुरू करने के लिए स्मार्ट सिटी स्थित जुपमी भवन को किराये पर लेने की सहमति बनी। 

मुख्य सचिव अलका तिवारी बीते शुक्रवार को महिला एवं बाल विकास मंत्रालय, भारत सरकार के प्रस्ताव पर राष्ट्रीय जन सहयोग एवं बाल विकास संस्थान का क्षेत्रीय प्रशिक्षण केंद्र शुरू करने को लेकर अधिकारियों संग बैठक कर रही थीं। बैठक में महिला, बाल विकास एवं सामाजिक सुरक्षा विभाग के सचिव मनोज कुमार ने बताया कि संस्थान में योजनाओं को जमीनी स्तर पर क्रियान्वित करनेवाले कर्मियों को प्रशिक्षित किया जायेगा और उनकी क्षमता संवर्धन किया जायेगा। सिर्फ झारखंड में ऐसे कर्मियों की संख्या 80 हजार के करीब है, जिसमें आंगनबाड़ी सेविका, सहायिका, पर्यवेक्षिका इत्यादि शामिल हैं। 

उल्लेखनीय है कि झारखंड में स्थापित हो रहा यह संस्थान झारखंड समेत पूर्वी भारत के राज्यों पश्चिम बंगाल, ओडिशा एवं बिहार में योजना संचालित करने वाले कर्मियों के प्रशिक्षण का भी केंद्र बनेगा। राष्ट्रीय जन सहयोग एवं बाल विकास संस्थान का क्षेत्रीय प्रशिक्षण केंद्र फिलहाल गुवाहाटी, बेंगलुरु, इंदौर, लखनऊ और मोहाली में चल रहा है। बैठक में मुख्य सचिव अलका तिवारी के अलावा महिला, बाल विकास एवं सामाजिक सुरक्षा विभाग के सचिव मनोज कुमार, राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग के सचिव चंद्रशेखर, सूडा के निदेशक अमित कुमार आदि शामिल थे।

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।

© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse