...तो क्या अब जनवरी-फरवरी में भी नहीं होगा झारखंड पंचायत चुनाव?

 

रांची (एबीएन राज्य ब्यूरो)। झारखंड में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव को लेकर जितनी बेसब्री आम लोगों की है, उतना ही शासन तंत्र सुस्त दिख रहा है। पहले तो कहा जा रहा था कि 2022 के जनवरी में पंचायत चुनाव होंगे और इसकी अधिसूचना दिसंबर में जारी हो जाएगी। लेकिन, लगता है कि दिसंबर में अधिसूचना जारी होने अथवा जनवरी-फरवरी में चुनाव होने की संभावना पर अब पूरी तरह विराम लग गया है। दरअसल, झारखंड राज्य निर्वाचन आयोग का कहना है कि अब पंचायत चुनाव नए वोटर लिस्ट पर होंगे और वोटर लिस्ट का प्रकाशन 5 जनवरी 2022 को होगा। साफ है कि निर्वाचन आयोग के इस नये आदेश से गांवों की सरकार बनने की उम्मीद लगाए लोगों को अब मार्च महीने तक इंतजार करना पड़ेगा। झारखंड पंचायत चुनाव मार्च में होने की संभावना के पीछे का एक बड़ा कारण यह भी है कि अब वोटर लिस्ट के प्रकाशन होने के बाद वार्ड स्तर पर नए वोटर लिस्ट बनेगी। इसमें एक से डेढ़ महीने तक का समय लग जाएगा। मार्च महीने में पंचायत चुनाव टलने की संभावना के साथ जिलों में भी तैयारियों की रफ्तार अब धीमी हो गई है। बताते चलें कि राज्य निर्वाचन आयुक्त ने 26 नवंबर को वीडियो कांफ्रेंसिंग कर जिला प्रशासन को यह निर्देश दिया था कि पंचायत चुनाव हेतु वोटर लिस्ट वही होगी, जो भारत निर्वाचन आयोग द्वारा विधान सभा निर्वाचन के लिए तैयार की जाएगी। इस अधिनियम के प्रावधानों के अनुसार उस समय विधानसभा निर्वाचन के लिए दी गई मतदाता सूची प्रयोग में लाई जाएगी। गौरतलब है कि भारत निर्वाचन आयोजन द्वारा वोटर लिस्ट पुनरीक्षण का कार्य चल रहा है, जिसका अंतिम प्रकाशन 5 जनवरी 2022 को निर्धारित किया गया है। इससे पहले राज्य प्रशासन से लेकर आम लोग यही मान रहे थे कि पंचायत चुनाव की अधिसूचना दिसंबर में जारी हो जाएगी और जनवरी में चुनाव हो जाएंगे। परन्तु अब चुनाव आयोग के दिशा-निर्देश के बाद तमाम कयासों पर विराम लग गया है। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव अब नए वोटर लिस्ट पर होगा। 5 जनवरी 2022 को मतदाता सूची का प्रकाशन होगा, जिसमें नए वोटर जोड़े जाएंगे। उसके बाद नए तरीके से वार्डवार मतदाता सूची तैयार की जाएगी। इसमें करीब एक महीने का समय लग सकता है। ऐसे में इसके बाद भी चुनाव होने की संभावना है। इन प्रक्रियाओं में समय लगेगा इसलिए मार्च 2022 में झारखंड पंचायत चुनाव होने की संभावना है।

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।

© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse