स्वस्थ शरीर ही स्वस्थ समाज और समृद्ध राष्ट्र की है आधारशिला : संजय सर्राफ
टीम एबीएन, रांची। हिंदी साहित्य भारती के उपाध्यक्ष सह झारखंड पेरेंट्स एसोसिएशन के प्रांतीय प्रवक्ता संजय सर्राफ ने कहा है कि हर वर्ष 31 मई को विश्वभर में विश्व तंबाकू निषेध दिवस मनाया जाता है। इस दिवस को मनाने की शुरूआत वर्ष 1987 में विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यू एच ओ) ने की थी। इसका मुख्य उद्देश्य लोगों को तंबाकू सेवन से होने वाले गंभीर दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करना तथा समाज को नशामुक्त और स्वस्थ जीवन की ओर प्रेरित करना है।
आज तंबाकू सेवन विश्व की सबसे बड़ी स्वास्थ्य समस्याओं में से एक बन चुका है, जिससे लाखों लोगों की असमय मृत्यु हो रही है। तंबाकू का सेवन अनेक रूपों में किया जाता है, जैसे-सिगरेट, बीड़ी, गुटखा, पान मसाला, हुक्का एवं अन्य धूम्रपान उत्पाद इनमें निकोटिन सहित कई जहरीले तत्व पाये जाते हैं, जो शरीर के विभिन्न अंगों को प्रभावित करते हैं।
तंबाकू सेवन से कैंसर, हृदय रोग, फेफड़ों की बीमारी, उच्च रक्तचाप, दमा एवं अन्य गंभीर रोगों का खतरा कई गुना बढ़ जाता है। विशेष रूप से युवाओं और किशोरों में बढ़ती तंबाकू की लत समाज के लिए चिंता का विषय है। विश्व तंबाकू निषेध दिवस का प्रमुख उद्देश्य लोगों को तंबाकू के दुष्प्रभावों के बारे में शिक्षित करना, युवाओं को इसकी लत से बचाना तथा तंबाकू मुक्त वातावरण तैयार करना है।
इस दिन विभिन्न सरकारी एवं सामाजिक संस्थाओं द्वारा जागरूकता रैली, संगोष्ठी, स्वास्थ्य शिविर, शपथ कार्यक्रम एवं जनजागरण अभियान आयोजित किए जाते हैं। विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में भी विद्यार्थियों को तंबाकू सेवन से दूर रहने की प्रेरणा दी जाती है। इस दिवस की विशेषता यह है कि यह केवल एक स्वास्थ्य अभियान नहीं, बल्कि मानव जीवन को सुरक्षित और स्वस्थ बनाने का वैश्विक प्रयास है। तंबाकू निषेध केवल व्यक्तिगत जिम्मेदारी नहीं, बल्कि सामाजिक कर्तव्य भी है।
यदि समाज का प्रत्येक व्यक्ति तंबाकू से दूर रहने और दूसरों को जागरूक करने का संकल्प ले, तो आने वाली पीढ़ियों को एक स्वस्थ और सुरक्षित वातावरण मिल सकता है। आज आवश्यकता है कि हम सभी विश्व तंबाकू निषेध दिवस के अवसर पर तंबाकू मुक्त जीवन अपनाने का संकल्प लें तथा अपने परिवार और समाज को भी इसके प्रति जागरूक करें। स्वस्थ शरीर ही स्वस्थ समाज और समृद्ध राष्ट्र की आधारशिला है।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse