जनता से जुड़े मामलों का समयबद्ध और पारदर्शी निष्पादन सुनिश्चित करें : आयुक्त

 

  • जनता से जुड़े मामलों का समयबद्ध और पारदर्शी निष्पादन सुनिश्चित करें : आयुक्त
  • भूमि विवादों के त्वरित समाधान से क्षेत्र में शांति और विकास को मिलेगा बढ़ावा
  • प्रमंडलीय आयुक्त ने मनिका अंचल कार्यालय का किया निरीक्षण, अभिलेख एवं लंबित मामलों पर दिए सख्त निर्देश

एबीएन न्यूज नेटवर्क, मनिका/लातेहार, (पलामू)। प्रमंडलीय आयुक्त कुमुद सहाय आज मनिका अंचल कार्यालय का निरीक्षण कर प्रशासनिक कार्यों, राजस्व संग्रहण एवं अभिलेख संधारण की समीक्षा की। उन्होंने लक्ष्य के अनुरूप राजस्व संग्रहण की प्रगति पर संतोष व्यक्त किया। परंतु इस उपलब्धि को निरंतर बनाये रखते हुए भविष्य में भी अंचल को अव्वल बनाये रखने की दिशा में ठोस प्रयास करने का निर्देश दिया। 

आयुक्त ने ई-रेवेन्यू कोर्ट से जुड़े मामलों की समीक्षा करते हुए लंबित मामलों का आकलन कर शीघ्र निष्पादन पर बल दिया। उन्होंने कहा कि आम जनता से जुड़े मामलों में देरी नहीं किया जाये। आम जनता से जुड़े मामलों में देर होना प्रशासन के प्रति लोगों के विश्वास को कमजोर करती है। इसलिए सभी लंबित मामलों का समयबद्ध और पारदर्शी निष्पादन सुनिश्चित करें। 

उन्होंने सर्टिफिकेट केस एवं भूमि सीमांकन (लैंड डिमार्केशन) की स्थिति की जानकारी लेते हुए राजस्व वसूली से जुड़े मामलों में तेजी लाने और सीमांकन कार्य में किसी प्रकार की ढिलाई नहीं करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि भूमि विवादों के त्वरित समाधान से क्षेत्र में शांति और विकास को बढ़ावा मिलेगा।

निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने कार्यालय के आगत-निर्गत पंजी, सेवा पुस्तिका, रोकड़ बही, रक्षित संचिका सहित अन्य महत्वपूर्ण अभिलेखों की बारीकी से जांच की। कई अभिलेखों में अद्यतन की आवश्यकता पाई गई, जिस पर उन्होंने संबंधित कर्मियों को चेतावनी देते हुए अद्यतन करने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि सभी अभिलेखों को नियमित रूप से अपडेट करना अनिवार्य है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। 

आयुक्त ने राजस्व संग्रहण में निरंतर प्रगति बनाये रखते हुए लक्ष्य से आगे बढ़ने का प्रयास करने, ई-रेवेन्यू कोर्ट के लंबित मामलों का शीघ्र और समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करने, सर्टिफिकेट केस में तेजी लाकर राजस्व वसूली को प्रभावी बनाने, भूमि सीमांकन कार्य को प्राथमिकता देते हुए विवादों का त्वरित समाधान करने, सभी अभिलेख/पंजी, सेवा पुस्तिका, रोकड़ बही आदि को अद्यतन एवं सुव्यवस्थित रखने का निर्देश दिया। 

आयुक्त ने जनहित से जुड़े कार्यों में संवेदनशीलता और तत्परता दिखाने तथा सरकार की योजनाओं का लाभ हरेक जरूरतमंद  व्यक्तियों को देने का निर्देश दिया।निरीक्षण के दौरान लातेहार उपायुक्त उत्कर्ष गुप्ता, अपर समाहर्ता रामा रविदास, प्रखंड विकास पदाधिकारी संदीप कुमार, अंचल अधिकारी अमन कुमार सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.

Tranding

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।

© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse