टीम एबीएन, रांची। झारखंड में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण को लेकर राज्य के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के रवि कुमार ने अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। उन्होंने निर्देश दिया कि मतदान केंद्रों के चयन के दौरान इस बात का विशेष ध्यान रखा जाए कि एक ही घर में रहने वाले सभी मतदाताओं का मतदान केंद्र एक ही स्थान पर निर्धारित हो।
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने कहा कि आगामी मतदाता सूची के गहन पुनरीक्षण के दौरान सभी मतदान केंद्रों के बीएलओ का नाम और मोबाइल नंबर अंकित स्टीकर मतदाताओं के घरों पर लगाया जायेगा। इससे मतदाताओं को अपने बीएलओ से संपर्क करने में सुविधा होगी।
उन्होंने स्पष्ट किया कि घरों पर लगाये जाने वाले स्टीकर पर संबंधित मकान का हाउस नंबर अंकित करना अनिवार्य होगा। जिन मकानों का हाउस नंबर नहीं है, उन्हें नोशनल नंबर देकर चिन्हित किया जाए ताकि पुनरीक्षण के दौरान किसी प्रकार की परेशानी न हो।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची से छूटे नहीं, इसे लक्ष्य बनाकर कार्य किया जाये। उन्होंने कहा कि गहन पुनरीक्षण के बाद तैयार होने वाली मतदाता सूची स्थायी दस्तावेज के रूप में रखी जाती है, इसलिए इसमें किसी भी प्रकार की त्रुटि की गुंजाइश नहीं होनी चाहिए।
रवि कुमार ने यह भी कहा कि राज्य में निर्वाचन से जुड़े किसी भी पद को रिक्त नहीं रहने दिया जाये। साथ ही विशेष गहन पुनरीक्षण के लिए नियुक्त बीएलओ का प्रशिक्षण समय पर पूरा किया जाये। प्रशिक्षण के दौरान उन्हें बीएलओ ऐप के माध्यम से मतदाताओं की फोटो लेने की प्रक्रिया की भी जानकारी दी जाये।
बैठक में मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय से ट्रेनिंग नोडल देव दास दत्ता, उप निर्वाचन पदाधिकारी धीरज ठाकुर, अवर निर्वाचन पदाधिकारी सुनील कुमार सहित आनलाइन माध्यम से सभी जिलों के जिला निर्वाचन पदाधिकारी, ईआरओ, एईआरओ और उप निर्वाचन पदाधिकारी मौजूद रहें।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse