रामनवमी में डीजे पर प्रतिबंध, विपक्ष ने काटा बवाल

 

रामनवमी में डीजे बैन पर झारखंड विधानसभा में बवाल, विधानसभा में भिड़े सत्ता और विपक्ष के विधायक 

टीम एबीएन, रांची। झारखंड में रामनवमी जुलूस में चलंत डीजे बजाने पर लगाये गये प्रतिबंध को लेकर सियासत गरमा गयी है। इस मुद्दे पर भाजपा के विधायकों ने विधानसभा के बाहर और अंदर जोरदार प्रदर्शन किया। वहीं सत्ता पक्ष ने स्पष्ट किया कि यह फैसला सरकार का नहीं बल्कि सुप्रीम कोर्ट के आदेश का पालन है। 

फैसले को वापस ले सरकार 

भाजपा विधायक रोशनलाल ने सरकार पर हिंदू त्योहारों के साथ छेड़छाड़ करने का आरोप लगाते हुए कहा कि रामनवमी करोड़ों हिंदुओं की आस्था से जुड़ा पर्व है। ऐसे में जुलूस में डीजे बजाने पर प्रतिबंध लगाना हिंदू भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाला है। उन्होंने मांग की कि सरकार इस फैसले को तुरंत वापस ले।

भाजपा विधायकों का कहना है कि जब भी हिंदू त्योहार आते हैं, तब सरकार तुष्टिकरण की राजनीति करने लगती है। उनके अनुसार खासकर हजारीबाग की रामनवमी पूरे देश में अपनी भव्यता के लिए जानी जाती है, जहां कई दिनों तक जुलूस, अखाड़े और धार्मिक आयोजन होते हैं। 

क्या हिंदुओं को धर्म परिवर्तन करना पड़ेगा 

विपक्ष का विरोध केवल विधानसभा परिसर तक सीमित नहीं रहा। जैसे ही सदन की कार्यवाही शुरू हुई, भाजपा विधायक अंदर भी नारेबाजी करते नजर आये। इस दौरान भाजपा विधायक नवीन जायसवाल ने तीखा सवाल उठाते हुए कहा कि अगर रामनवमी में डीजे नहीं बजेगा तो क्या हिंदुओं को धर्म परिवर्तन करना पड़ेगा? उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार हिंदू त्योहारों के दौरान ही पाबंदियां लगाती है और हजारीबाग में प्रशासन लोगों को धमकाता है। 

कोर्ट के आदेश का पालन कर रही सरकार 

वहीं सत्ता पक्ष ने विपक्ष के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि सरकार केवल न्यायालय के निदेर्शों का पालन कर रही है। कांग्रेस विधायक राजेश कच्छप ने कहा कि अदालत के निर्देश के अनुसार रात 10 बजे के बाद तेज ध्वनि वाले डीजे और लाउडस्पीकर बजाने की अनुमति नहीं है, इसलिए प्रशासन उसी नियम का पालन करा रहा है। 

यह किसी धर्म विशेष का मामला नहीं 

इस मुद्दे पर संसदीय कार्य मंत्री राधा कृष्ण किशोर ने भी सदन में स्पष्ट किया कि यह किसी धर्म विशेष का मामला नहीं है। उन्होंने कहा कि अदालत के आदेश के अनुसार रात 10 बजे से सुबह 6 बजे तक तेज ध्वनि वाले म्यूजिक सिस्टम पर प्रतिबंध है और सरकार उसी नियम का पालन कर रही है। 

उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष हिंदू-मुस्लिम का मुद्दा उठाकर समाज का माहौल खराब करने की कोशिश कर रहा है। रामनवमी जैसे आस्था के पर्व पर डीजे प्रतिबंध को लेकर झारखंड में विवाद अब राजनीतिक टकराव का रूप लेता दिख रहा है। सड़क से लेकर सदन तक गूंज रहे नारों के बीच यह मुद्दा फिलहाल शांत होता नजर नहीं आ रहा है।

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।

© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse