हॉकी का महामुकाबला कल से शुरू

 

कल से शुरू होगा हॉकी का महामुकाबला, आठ टीमें लेंगी हिस्सा 

एबीएन स्पोर्ट्स डेस्क। मेजर ध्यानचंद की जयंती और राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर कल यानी 29 अगस्त से बिहार के राजगीर में हीरो पुरुष एशिया हॉकी कप 2025 की शुरुआत होने जा रही है। दस दिनों तक चलने वाला यह टूर्नामेंट 7 सितंबर तक चलेगा। यह एशिया कप का 12वां संस्करण है जिसमें एशिया की आठ शीर्ष टीमें भारत, जापान, चीन, कजाकिस्तान, मलेशिया, कोरिया, बांग्लादेश और चीनी ताइपे हिस्सा ले रही हैं। 

सभी टीमें राजगीर पहुंच चुकी हैं और खिलाड़ियों के लिए ठहरने तथा सुरक्षा की विशेष व्यवस्था की गई है। भारतीय टीम को खेल परिसर में ठहराया गया है। यह टूर्नामेंट 2026 एफआईएच हॉकी विश्व कप का क्वालीफायर भी है, इसलिए हर मैच और अधिक अहम और रोमांचक हो गया है। अब तक खेले गए 11 संस्करणों में दक्षिण कोरिया सबसे सफल टीम रही है जिसने पांच बार खिताब जीता है। 

भारत और पाकिस्तान ने तीन-तीन बार कप अपने नाम किया है। कुल 24 मैच खेले जायेंगे और पहले दिन चार मुकाबले होंगे। मेजबान भारत पूल ए में जापान, चीन और कजाकिस्तान के साथ है। भारत का पहला मुकाबला 29 अगस्त को चीन से होगा, जबकि 31 अगस्त को जापान और 1 सितंबर को कजाकिस्तान से भिड़ेगा। पूल बी में मलेशिया, कोरिया, बांग्लादेश और चीनी ताइपे की टीमें शामिल हैं। टूर्नामेंट का उद्घाटन मैच मलेशिया और बांग्लादेश के बीच खेला जायेगा। 

बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के महानिदेशक सह सीईओ रवींद्रन शंकरन ने कहा कि पहली बार पुरुष एशिया कप का आयोजन बिहार के राजगीर में हो रहा है, जो राज्य के लिए गर्व की बात है। यह आयोजन न केवल बिहार की अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों की मेजबानी करने की क्षमता को प्रदर्शित करेगा बल्कि पर्यटन, कला और संस्कृति के क्षेत्र में भी राज्य की वैश्विक छवि को मजबूत करेगा। 

राजगीर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स का विश्वस्तरीय हॉकी स्टेडियम इस आयोजन को और भव्य बनायेगा। इससे पहले भी बिहार ने महिला एशियाई हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी 2024 और खेलो इंडिया यूथ गेम्स 2025 जैसे बड़े आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न किये हैं। पटना के पाटलिपुत्र खेल परिसर में इस वर्ष सेपक टकराव विश्व कप का भी आयोजन हुआ था। एशिया कप 2025 का आयोजन बिहार के लिए ऐतिहासिक साबित होगा और यह राज्य को खेल, संस्कृति और पर्यटन के क्षेत्र में एक नई पहचान दिलाने का काम करेगा।

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।

© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse