एबीएन स्पोर्ट्स डेस्क। महाराष्ट्र के पुणे में आयोजित आर्टिस्टिक जिम्नास्टिक्स राष्ट्रीय प्रतियोगिता 2025-26 में झारखंड की जिम्नास्टिक्स टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए आलराउंड श्रेणी में कांस्य पदक जीतकर राज्य का गौरव पूरे देश में बढ़ाया है। आज हुए व्यक्तिगत फाइनल मुकाबलों में झारखंड के प्रतिभाशाली जिम्नास्ट दिबास गायेन ने पॉमल हॉर्स इवेंट में 11.133 अंक तथा रिंग्स इवेंट में 10.567 अंक अर्जित कर दो कांस्य पदक अपने नाम किए।
इसके अतिरिक्त, उन्होंने पैरेलल बार्स में 11.167 अंकों के साथ छठा स्थान तथा रिंग्स में 10.567 अंकों के साथ चौथा स्थान भी प्राप्त किया। उनके इस उत्कृष्ट प्रदर्शन से झारखंड का गौरव और बढ़ा है। वहीं, झारखंड की एक अन्य प्रतिभाशाली जिम्नास्ट तुलिन तिवारी ने पॉमल हॉर्स में 10.167 अंकों के साथ पांचवां स्थान हासिल किया।
झारखंड के इस ऐतिहासिक प्रदर्शन से पूरे राज्य में हर्ष और उत्साह का वातावरण है। इस उपलब्धि पर झारखंड ओलंपिक संघ के अध्यक्ष आरके आनंद, कार्यकारी अध्यक्ष श्री शेखर बोस, महासचिव डॉ मधुकांत पाठक, झारखंड जिम्नास्टिक्स संघ के संरक्षक तथा रांची विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ अजीत कुमार सिन्हा, निदेशक खेलकूद एवं युवा कार्य विभाग संदीप कुमार, जिला खेल पदाधिकारी रांची शिवेंद्र कुमार, संघ के अध्यक्ष रंजन कुमार, उपाध्यक्ष तूलिका श्रीवास्तव, कार्यकारी सचिव राजीव, प्रशासनिक सचिव डॉ दीपक साहू, संयुक्त सचिव लक्ष्मण सिंह बिष्ट, कोषाध्यक्ष गोविंद झा, धनबाद के सचिव शशिकांत पांडे, जामताड़ा के सचिव सरोज यादव तथा रांची के खेल पदाधिकारी शिवेंद्र सिंह और मुक्ति लता खेस ने खिलाड़ियों एवं कोचिंग स्टाफ को इस अद्भुत उपलब्धि पर हार्दिक बधाई दी है।
संघ के पदाधिकारियों ने खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि यह सफलता झारखंड के खेल इतिहास में एक स्वर्णिम अध्याय जोड़ने वाली है। यह प्रदर्शन राज्य में जिम्नास्टिक्स के प्रति नयी ऊर्जा और प्रेरणा का संचार करेगा।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse