टीम एबीएन, रांची। रांची जिला मारवाड़ी सम्मेलन द्वारा महाराजा अग्रसेन भवन में एक भावपूर्ण शोक सभा का आयोजन किया गया जिसमें जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले में मारे गए निर्दोष लोगों को श्रद्धांजलि अर्पित की गयी। सभा की शुरुआत दो मिनट के मौन से हुई, जिसमें उपस्थित सदस्यों ने गहरी शोक संवेदना प्रकट करते हुए शहीदों की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।
इसके उपरांत संस्था के पदाधिकारियों एवं सदस्यों इस जघन्य आतंकी हमले की कड़े शब्दों में निंदा की और इस तरह की घटनाओं को रोकने हेतु केंद्र सरकार से ठोस कदम उठाने की मांग की। रांची जिला मारवाड़ी सम्मेलन के अध्यक्ष ललित कुमार पोद्दार ने कहा यह हमला न केवल निर्दोष नागरिकों पर हमला है, बल्कि यह पूरे देश की अस्मिता और अखंडता को चुनौती देने की कोशिश है। हमारी सरकार को अब केवल निंदा करने से आगे बढ़कर, आतंक के आकाओं को जड़ से समाप्त करने की दिशा में निर्णायक कार्रवाई करनी चाहिए।
अग्रवाल सभा के अध्यक्ष प्रमोद कुमार अग्रवाल ने कहा की पहलगाम की आतंकी घटना बहुत विचलित एवं मानवता को शर्मसार करने वाली घटना है हम सबको सांप्रदायिक और जातिगत भेदभाव से ऊपर उठकर मानवता की पूजा करनी चाहिए। मारवाड़ी सहायक समिति के अध्यक्ष मनोज कुमार चौधरी ने कहा कि निर्दोष लोगों की निर्मम हत्या बर्दाश्त के बाहर है। सरकार ठोस कदम उठाते हुए इसका मुंह तोड़ जवाब दे।उन्होंने कहा कि समाज के हर वर्ग को आतंकवादी के खिलाफ एकजुट होकर खड़ा होना होगा।
वरिष्ठ सदस्य कमल कुमार केडिया ने पहलगाम की क्रूर आतंकी हमला न केवल अमानवीयता की प्रकाष्ठा है बल्कि समूची मानवता के विरुद्ध किया गया कयरतापूर्ण अपराध है। धर्म पूछ कर जान से मारना बर्बरता की निशानी है। शोक सभा में सभी वक्ताओं ने कहा कि यह हमला केवल निर्दोष पर्यटकों पर नहीं बल्कि भारत की एकता, अखंडता और सांस्कृतिक सहिष्णुता पर एक सुनियोजित हमला है ऐसे में यह जरूरी है कि आतंकवाद को पालने-पोसने वाले तत्वों के खिलाफ कड़ा रुख अपनाया जाए।
साथ ही सुरक्षा एजेंसियों को और अधिक संसाधन एवं अधिकार देकर उन्हें मजबूत किया जाये, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो सके। उन्होंने केंद्र सरकार से पहलगाम में मारे गये लोगों को शहीद का दर्जा देने एवं उनके परिवार के सदस्यों को सरकारी नौकरी देने की मांग की। मारवाड़ी सम्मेलन के महामंत्री विनोद कुमार जैन ने इस हमले की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि मारवाड़ी समाज द्वारा 26 अप्रैल को शाम 6 बजे अप्पर बाजार से एक कैंडल मार्च निकाला जायेगा। जो अल्बर्ट एक्का चौक तक जायेगा जहां एक श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया जायेगा।
शोक सभा में -ललित कुमार केडिया,ललित कुमार पोद्दार, प्रमोद अग्रवाल, विनोद जैन, सज्जन पाड़िया, मनोज चौधरी, पवन पोद्दार, अनिल अग्रवाल, संजय सर्राफ, विजय कुमार खोवाल, अनिल कुमार अग्रवाल, कौशल राजगढ़िया, निर्मल बुधिया, प्रमोद बगड़िया, सुनील पोद्दार, किशन पोद्दार, विनीता सिंघानिया, जितेश अग्रवाल, अजय डीडवानिया, सरवन अग्रवाल, अजय खेतान, श्याम चौधरी, अनिकेत सराफ आदि उपस्थित थे। उक्त जानकारी रांची जिला मारवाड़ी सम्मेलन के संयुक्त महामंत्री सह प्रवक्ता संजय सर्राफ ने दी।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse