टीम एबीएन, कोडरमा। प्रखंड के ईदगाह सहित सभी मस्जिदों में सोमवार को अकीदत के साथ ईद की नमाज अदा की गयी। यहां खुदा के सजदे में एक साथ हजारों लोगों ने सिर झुकाया और अमन व खुशहाली के लिए दुआ मांगी। इस दौरान प्रखंड मुख्यालय सहित गरचांच, मंडरिया, खेसकरी, कटहाडीह, पिपचो, बेको, तेतरॉन, परसाबाद, कटिया, गड़गी, तिलोकरी, गोपालडीह, ककरचोली सहित सभी मुस्लिम बहुल इलाकों में ईद को लेकर इलाका गुलजार रहा।
ईद के मौके पर मुस्लिम समाज के लोगों ने उनके पूर्वज जो इस दुनिया से गुजर गए उनकी कब्र पर जाकर फातिहा पढ़ी और उनके मगफिरत की विशेष रूप से अल्लाह ताला से दुआएं मांगी गयी। लोगों ने कहा कि इस ईद के आने से पहले पिछले साल ईद में कुछ लोग साथ में थे, जो दुनिया में नहीं रहे अब उनके सिर्फ यादें रह गयी है। उनके लिए लोगों ने मगफिरत की दुआएं मांगी।
लोगों ने ईद आने की खुशी तो पूरे हर्षोल्लास के साथ मनाएं लेकिन लोगों के मन में रमजान जाने का गम भी देखा गया। मुस्लिम समाज के लोगों ने कहा कि अल्लाह ताला ने अगर जिंदगी बख्शी और अगले साल फिर रमजान का महीना नसीब हुआ तो इनाम मजबूत है अगले साल इससे और भी ज्यादा मजबूती से रोजे रखकर अल्लाह ताला की इबादत की जाएगी। वैसे तो अल्लाह ताला की इबादत साल भर चलती है लेकिन रमजान में सवाब दोगुना हो जाता है।
अपने पूर्वजों की कब्र पर फातिहा पढ़ने के बाद लोगों ने एक दूसरे से गले मिलकर ईद उल फितर की बधाई दी। और आपस में इत्तेहाद के साथ जिंदगी गुजारने का संकल्प लिया। उल्लेखनीय है कि ईद उल फितर रमजान के पवित्र महीने के बाद शव्वाल महीने की पहली तारीख को मनायी जाती है।
इस पर्व की शुरुआत पैगंबर मुहम्मद ने की थी। यह त्योहार इस्लाम धर्म में एकता और आध्यात्मिक शुद्धता का प्रतीक माना जाता है। इस दिन मुस्लिम समुदाय के लोग विशेष नमाज अदा करते हैं। अल्लाह का शुक्रिया अदा करते हैं और अपनी अनजानी गलतियों के लिए माफी मांगते हैं। भारत में यह त्योहार बड़ी धूमधाम से मनाया जाता है।
इधर, ईद के मुबारक त्यौहार को शांति सौहार्द वातावरण में संपन्न करने को लेकर अंचल अधिकारी सारांश जैन, प्रखंड विकास पदाधिकारी गौतम कुमार, थाना प्रभारी बबलू कुमार सिंह सहित कई पुलिस जवान इलाके में तैनात दिखे। वहीं बड़ी संख्या में दोनों समुदाय के लोगों ने एक दूसरे को गले मिलकर ईद की बधाई दी और एकता का संदेश दिया।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse