एबीएन स्पोर्ट्स डेस्क। राजस्थान रॉयल्स को आईपीएल 2025 में अपने पहले मैच में सनराइजर्स हैदराबाद के हाथों हार का सामना करना पड़ा है। इशान किशन (106) ने राजस्थान रॉयल्स के कमजोर आक्रमण की धज्जियां उड़ाते हुए 45 गेंदों पर शानदार शतक जड़ा जिससे सनराइजर्स हैदराबाद ने रविवार को आईपीएल के अपने घरेलू मैच में छह विकेट पर 286 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया।
इसके जवाब में राजस्थान ने कुछ शुरूआती झटकों के बावजूद संजू सैमसन (67) और ध्रुव जुरेल (70) के अर्धशतकों की बदौलत कोशिश तो की लेकिन वह अंतिम ओवरों में हैदराबाद की सधी हुई गेंदबाजी के कारण 6 विकेट के नुकसान पर 242 रन बनाकर 44 रन से पीछे रह गए। सिमरजीत सिंह और हर्षल पटेल ने हैदराबाद की तरफ से 2-2 विकेट लिए जबकि मोहम्मद शमी, एडम जम्पा ने एक-एक विकेट झटका।
इससे पहले हैदराबाद की उमस भरी गर्मी में रॉयल्स के अनुभवहीन कप्तान रियान पराग ने आईपीएल की सबसे सपाट पिच पर पहले गेंदबाजी करने का फैसला करके बड़ी गलती की।
ट्रेविस हेड ने पारी की शुरुआत में 31 गेंदों पर 67 रन बनाकर रॉयल्स के गेंदबाजों के खिलाफ मनमुताबिक रन बटोरे और फिर किशन ने 47 गेंदों पर नाबाद 106 रन बनाकर एसआरएच के लिए अपने पदार्पण को यादगार बनाया। हेड और किशन ने दूसरे विकेट के लिए 39 गेंद में 85 रन की साझेदारी की। दोनों ने मिलकर 20 चौके और नौ छक्के लगाये।
हैदराबाद ने पिछले सत्र की अपनी लय को जारी रखा लेकिन टीम अंतिम ओवर में दो विकेट गंवाने के कारण अपने और आईपीएल के सर्वश्रेष्ठ स्कोर (तीन विकेट पर 287 रन) को पीछे छोड़ने से चूक गयी। जोफ्रा आर्चर ने चार ओवर में 76 रन लुटाये। वह आईपीएल इतिहास में बिना विकेट लिए सबसे ज्यादा रन लुटाने वाले गेंदबाज बन गये।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse