टीम एबीएन, रांची। मुख्यमंत्री चम्पाई सोरेन ने कहा कि बिजली सब्सिडी में जल्द बढ़ोतरी की जायेगी। बिजली उपभोक्ताओं को अब 100 यूनिट की बजाय 125 यूनिट बिजली मुफ्त देने के साथ सभी वंचित टोलों में बिजली पहुंचायी जायेगी। इस संबंध में ऊर्जा विभाग को प्रस्ताव तैयार करने का उन्होंने निर्देश दिया। मुख्यमंत्री आज झारखंड मंत्रालय में वित्तीय वर्ष 2023- 24 के राजस्व प्राप्ति और व्यय को लेकर विभिन्न विभागों के अपर मुख्य सचिव/ प्रधान सचिव/ सचिव के साथ उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक कर रहे थे। इस मौके पर उन्होंने विभिन्न विभागों के बजटीय प्रावधान और वास्तविक प्राप्ति तथा खर्च की जानकारी ली। उन्होंने विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं की भी समीक्षा करते हुए अधिकारियों को के आवश्यक निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने सभी विभागों को विभिन्न योजनाओं के कार्यों में तेजी लाने का निर्देश दिया, ताकि यहां की ज्यादा से ज्यादा जनता को इसका लाभ दे सकें। मुख्यमंत्री ने जनहित से जुड़ी तमाम योजनाओं को समय पूरा करने को भी कहा। उन्होंने स्वीकृत योजनाओं का कार्य जल्द शुरू करने और लंबित योजनाओं को पूर्ण करने का भी निर्देश दिया।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को वित्तीय प्रबंधन को और भी बेहतर बनाने को कहा। उन्होंने कहा कि चालू वित्तीय वर्ष की समाप्ति में अब दो महीने से कम का समय बचा है। ऐसे में सभी विभाग अपने बजट की राशि के खर्चे में तेजी लाएं ताकि जो लक्ष्य निर्धारित है, उसे पूरा कर सकें।
मुख्यमंत्री ने बैठक में विभागवार केंद्र प्रायोजित योजनाओं के उपलब्धियां की जानकारी ली। वित्त विभाग ने मुख्यमंत्री को बताया कि केंद्र सरकार से केंद्र प्रायोजित योजनाओं के लिए जो राशि मिली है, उसे खर्च करने के लिए सभी विभागों को आवश्यक निर्देश दिये जा चुके हैं। उन्होंने यह भी कहा कि इस राशि के खर्च के बाद अतिरिक्त राशि उपलब्ध कराने के लिए केंद्र सरकार को प्रस्ताव भेजा जायेगा।
मुख्यमंत्री ने आपकी योजना- आपकी सरकार- आपके द्वार कार्यक्रम को लेकर पिछले वर्ष 24 नवंबर से 26 दिसंबर तक आयोजित शिविरों में विभिन्न योजनाओं से संबंधित जो आवेदन मिले हैं, उसकी अद्यतन जानकारी ली. इस क्रम में निष्पादित, अस्वीकृत और लंबित आवेदनों के बारे में भी जाना। उन्होंने कहा कि आवेदन लंबित नहीं रहे, इसे हर हाल में सुनिश्चित करें और जिस आवेदन को अस्वीकृत किया गया है, उसकी वजह भी बतायी जानी चाहिए। अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को बताया कि आपकी योजना -आपकी सरकार -आपके द्वार कार्यक्रम के तहत 59 लाख 28 हजार से ज्यादा आवेदन मिले हैं जिनमें से 60 प्रतिशत से ज्यादा का निष्पादन किया जा चुका है।
इस बैठक में मुख्य सचिव एल खियांग्ते, विकास आयुक्त सह अपर मुख्य सचिव अविनाश कुमार, अपर मुख्य सचिव राजीव अरुण एक्का, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव विनय कुमार चौबे एवं विभिन्न विभागों के अपर मुख्य सचिव/ प्रधान सचिव / सचिव उपस्थित थे।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse