टीम एबीएन, रांची। रांची- पुरुलिया मार्ग पर गोंदलीपोखर चौक पर गुरुवार की शाम ट्रक की चपेट में आने से सिरका नयाटोली निवासी नारायण महतो (40) की मौत हो गयी। बताया गया कि नारायण महतो अपने भाई मंगल महतो के साथ बाईक पर सवार होकर घर लौट रहे थे।
इसी दौरान गोंदलीपोखर चौक के समीप एक साईकिल सवार असंतुलित होकर बाईक से टकरा गया, जिससे बाईक पर सवार नारायण महतो बीच सड़क पर गिर गये। पीछे से आ रहे एक ट्रक (जेएच 01 एफबी 9370) ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। मौके पर ही उनकी मौत हो गयी।
घटना के बाद ट्रक के चालक व खलासी ट्रक छोड़कर वहां से भाग निकले। बीच सड़क पर ट्रक के खड़ा होने व शव के पड़ा होने के कारण वहां स्वतः जाम लग गया। इस बीच, सिरका के ग्रामीण वहां पहुंचे और मुआवजे की मांग शुरू कर दी।
ग्रामीणों ने कहा कि सड़क चौड़ीकरण का काम जारी है। इसकी वजह से यहां बराबर सड़क दुर्घटना हो रही है। घटना की सूचना मिलने पर पूर्व विधायक रामकुमार पाहन, सिरका के मुखिया रौशन मुंडा सहित अन्य घटनास्थल पर पहुंचे हैं। ग्रामीणों व प्रशासन के बीच वार्ता चल रही है।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse