एबीएन न्यूज नेटवर्क, जमशेदपुर। झारखंड पुलिस ने जमशेदपुर के भीड़भाड़ वाले साकची बाजार से अगवा की गयी तीन साल की एक बच्ची को पश्चिम बंगाल के पुरुलिया जिले से सकुशल बरामद कर लिया और एक नि:संतान दंपति को गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी। नगर पुलिस अधीक्षक ललित मीणा ने बताया कि आरोपियों की पहचान झारखंड के सरायकेला-खरसावां जिले के कपाली निवासी अब्दुल जसीम उर्फ लखन (42) और अफसाना बेगम (30) के रूप में हुई है।
उन्होंने बताया कि दोनों को अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। तीन साल की अफरीन 26 मई को अपने माता-पिता के साथ साकची बाजार में खरीदारी करने गयी थी, तभी वह भीड़ में गुम हो गयी। ओलीडीह थाना क्षेत्र के दिमना बस्ती के हयात नगर निवासी बच्ची के पिता मोहम्मद इम्तियाज ने उसी दिन साकची थाने में शिकायत दर्ज करायी।
मीणा ने बताया कि एसएसपी पीयूष पांडेय के निर्देश पर बच्ची की तलाश और मामले की जांच के लिए एक पुलिस उपाधीक्षक की अगुवाई में विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया। जांच के दौरान एसआईटी ने बाजार क्षेत्र के आसपास लगे करीब 50 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इसके साथ ही तकनीकी और मानवीय खुफिया जानकारी जुटायी गयी और कई संदिग्धों से पूछताछ की गयी।
एकत्र किये गये साक्ष्यों के आधार पर टीम ने पुरुलिया जिले के झालदा थाना क्षेत्र के पुस्ती गांव में छापा मारा और मंगलवार को बच्ची को बरामद कर दंपति को गिरफ्तार कर लिया। उन्होंने कहा, पूछताछ में आरोपियों ने कबूल किया कि पिछले दस साल से उनकी कोई संतान नहीं है और उन्होंने भीड़ का फायदा उठाकर बच्ची को बाजार से अगवा किया था।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse