सिमडेगा सड़क हादसे के मृतकों के परिजनों से मिले सांसद सुखदेव भगत, बंधाया ढाढ़स

 

एबीएन न्यूज नेटवर्क, लोहरदगा। सिमडेगा जिले में हुए भीषण सड़क हादसे में जान गंवाने वाले लोहरदगा के राहत नगर निवासी परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करने के लिए लोहरदगा सांसद सुखदेव भगत शुक्रवार को मृतकों के आवास पहुंचे। उन्होंने शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढाढ़स बंधाया तथा इस कठिन समय में हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया। 

जानकारी के अनुसार राहत नगर निवासी गुलाम मुस्तफा अपनी पुत्री एवं नातियों को उनके ससुराल सिमडेगा जिले के लसिया गांव छोड़ने जा रहे थे। इसी दौरान अधरमा के समीप चालक के वाहन पर से नियंत्रण खो देने के कारण वाहन सड़क किनारे एक पेड़ से टकरा गया। इस दर्दनाक हादसे में गुलाम मुस्तफा, उनकी पत्नी समेत पांच लोगों की मौत हो गयी थी, जबकि कई अन्य लोग घायल हो गये थे। 

दिल्ली से लौटने के तुरंत बाद सांसद सुखदेव भगत मृतक गुलाम मुस्तफा के आवास पहुंचे और परिजनों से मुलाकात कर गहरी संवेदना व्यक्त की। उन्होंने कहा कि इस दुखद घड़ी में वे पूरी तरह शोकाकुल परिवार के साथ खड़े हैं। उन्होंने आश्वस्त किया कि घायलों के समुचित इलाज तथा सरकार द्वारा उपलब्ध करायी जाने वाली सहायता राशि दिलाने में हरसंभव प्रयास करेंगे। 

इसके बाद सांसद सदर अस्पताल पहुंचे, जहां उन्होंने ओयना के समीप हुए एक अन्य सड़क हादसे में मृत कुरैशी मोहल्ला निवासी वासूक कुरैशी के परिजनों से मुलाकात कर शोक संवेदना प्रकट की। इस दौरान स्थानीय लोगों ने सदर अस्पताल में चिकित्सकों की समय पर उपस्थिति नहीं होने की शिकायत सांसद के समक्ष रखी। 

शिकायत को गंभीरता से लेते हुए सांसद ने अस्पताल उपाधीक्षक (डीएस) को बुलाकर चिकित्सकों की नियमित एवं समयबद्ध उपस्थिति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। सांसद ने लोहरदगा ब्लॉक के पीछे रहने वाले कमल सिंह थापा के निधन पर भी उनके आवास पहुंचकर परिजनों को सांत्वना दी। उन्होंने दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए परिवार को इस दुख की घड़ी में धैर्य बनाए रखने की बात कही। 

बताया गया कि कमल सिंह थापा पिछले कुछ वर्षों से अस्वस्थ चल रहे थे। इस अवसर पर रऊफ अंसारी, शाहिद अहमद बेलू, आलोक कुमार साहू, साजिद अहमद चंगू, अनिल कुमार, नेसार अहमद, सोनू कुरैशी, राजू कुरैशी, मोहम्मद जिलानी, मनोज सोन तिर्की, गुलाम मुतुर्जा, मोइन अंसारी, सफीजुल अंसारी, मुमताज अंसारी सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित थे।

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।

© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse