प्रथम विश्व योगासन चैंपियनशिप में रांची विवि की सहायक प्राध्यापिका का चयन

 

  • प्रथम विश्व योगासन चैंपियनशिप में रांची विश्वविद्यालय की सहायक प्राध्यापिका का चयन

एबीएन स्पोर्ट्स डेस्क। रांची विश्वविद्यालय की सहायक प्राध्यापिका एवं योगासन विशेषज्ञ डॉ. संतोषी का चयन प्रथम विश्व योगासन चैंपियनशिप में  संपर्क विकास अधिकारी के रूप में किया गया है। इस महत्वपूर्ण दायित्व के तहत वे विभिन्न देशों से भाग लेने वाले पदाधिकारियों एवं खिलाड़ियों के साथ समन्वय स्थापित करेंगी तथा चैंपियनशिप के दौरान उनकी सभी आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करेंगी।

डॉ. संतोषी इससे पूर्व राष्ट्रीय खेल, खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स सहित कई प्रतिष्ठित प्रतियोगिताओं में निर्णायक (जज) की भूमिका निभा चुकी हैं। योगासन के क्षेत्र में उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए उन्हें योगासन भारत द्वारा  बेस्ट टेक्निकल ऑफिशियल अवार्ड से भी सम्मानित किया जा चुका है।

प्रथम विश्व योगासन चैंपियनशिप का ऑनलाइन उद्घाटन भारत के माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि योग अब केवल आश्रमों तक सीमित नहीं है, बल्कि विश्व मंच तक पहुंच रहा है। योग के माध्यम से भारत वैश्विक स्तर पर अपनी पहचान और मजबूत करेगा।

इस अवसर पर गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल, केंद्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया तथा योगगुरु स्वामी रामदेव भी उपस्थित रहे। यह ऐतिहासिक चैंपियनशिप गुजरात के अहमदाबाद में 4-8 जून तक आयोजित की जा रही है, जिसमें विश्व के 78 देशोंके खिलाड़ी भाग ले रहे हैं। 

प्रतियोगिता में पारंपरिक योगासन, आर्टिस्टिक योगासन, रिदमिक योगासन तथा आर्टिस्टिक ग्रुप योगासन जैसी विभिन्न विधाओं में प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। इसमें 10 से 55 वर्ष आयु वर्ग के प्रतिभागी हिस्सा ले सकते हैं। भारत के लिए यह अत्यंत गौरव का विषय है कि पहली बार विश्व योगासन चैंपियनशिप का आयोजन देश में हो रहा है। प्रतियोगिता का आयोजन युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के सहयोग से किया जा रहा है।

योगासन भारत के अथक प्रयासों से इस ऐतिहासिक आयोजन को संभव बनाया जा सका है। भविष्य में योगासन को कॉमनवेल्थ खेलों और ओलंपिक खेलोंमें शामिल करने की दिशा में भी प्रयास किए जा रहे हैं। योग भारत की प्राचीन सांस्कृतिक धरोहर है और विश्व योगासन चैंपियनशिप का आयोजन भारत की वैश्विक प्रतिष्ठा को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने वाला कदम माना जा रहा है।

डॉ. संतोषी के चयन पर रांची विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ सरोज शर्मा, रजिस्ट्रार डॉ. गुरु चरण साहू स्कूल ऑफ़ योग के निदेशक डॉ आशीष कुमार सिंह तथा कॉर्डिनेटर डॉ रेणु कुमारी, योगासन स्पोर्ट्स एसोसिएशन के अध्यक्ष मनोज तिवारी, मुख्य सलाहकार विपिन पांडे, सचिव चंदू शर्मा, कोषाध्यक्ष  प्रशांत कुमार सिंह तथा संस्था के सभी सदस्यों ने उन्हें शुभकामनाएं एवं बधाई दी है।

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.

Tranding

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।

© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse