रामगढ़ : बर्थडे के दिन दो दोस्तों की मौत, परिवार में मातम

 

जन्मदिन के दिन मिली मौत: दोस्त के साथ केक काटा, जश्न मनाया और फिर सड़क हादसे ने छीन ली दोनों की जिंदगी 

एबीएन न्यूज नेटवर्क, रामगढ़। जिले के बासल थाना क्षेत्र स्थित सियारी टोला में हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो गयी। मृतकों की पहचान सौंदा डी निवासी 28 वर्षीय अभिषेक कुमार शर्मा और 30 वर्षीय राहुल कुमार के रूप में हुई है। घटना के बाद दोनों परिवारों में शोक की लहर दौड़ गयी है।  पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, अभिषेक कुमार शर्मा का जन्मदिन था। जन्मदिन के मौके पर वह अपने मित्र राहुल कुमार के साथ बाइक से पतरातू डैम घूमने गए थे। 

बताया जा रहा है कि दोनों ने एक रेस्टोरेंट में जन्मदिन का जश्न मनाया और देर रात घर लौट रहे थे। इसी दौरान सियारी टोला के पास उनकी बाइक तेज रफ्तार के कारण अनियंत्रित हो गयी। प्रत्यक्षदर्शियों और स्थानीय लोगों के अनुसार, बाइक सड़क किनारे बनी बाउंड्री को तोड़ते हुए करीब 100 फीट अंदर तक चली गयी। 

हादसा इतना भीषण था कि दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गये। अंधेरा और सुनसान इलाका होने के कारण दुर्घटना की जानकारी किसी को नहीं मिल सकी और दोनों घंटों तक घटनास्थल पर ही पड़े रहे। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय पर सहायता मिल जाती तो शायद उनकी जान बचायी जा सकती थी। देर रात तक दोनों युवकों के घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की।  

काफी खोजबीन के बाद बुधवार सुबह दुर्घटनास्थल से दोनों के शव बरामद किये गये। घटना की सूचना मिलते ही बासल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। बासल थाना प्रभारी कैलाश ने बताया कि दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए रामगढ़ सदर अस्पताल भेज दिया गया है।

प्रारंभिक जांच में दुर्घटना का कारण बाइक की तेज रफ्तार माना जा रहा है। घटना के बाद दोनों परिवारों में मातम पसरा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। एक जन्मदिन का जश्न कुछ ही घंटों में दो परिवारों के लिए जिंदगी भर का दर्द बन गया।

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।

© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse