एबीएन न्यूज नेटवर्क, धनबाद। अखिल भारतीय पिछड़ा वर्ग संघ के जिला अध्यक्ष रत्नेश कुमार ने झारखंड सरकार, विधायक सरयू राय, झरिया विधायक रागिनी सिंह, झारखंड पुलिस एवं धनबाद पुलिस को टैग करते हुए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (ट्विटर) पर ट्वीट कर ईस्ट बसुरिया क्षेत्र में चल रहे कथित अवैध कोयला कारोबार पर रोक लगाने की मांग की है।
रत्नेश कुमार ने अपने ट्वीट में आरोप लगाया है कि ईस्ट बसुरिया क्षेत्र अंतर्गत चेक पोस्ट के पीछे स्थित ग्राउंड के समीप बड़े पैमाने पर अवैध कोयला कारोबार संचालित किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि कुछ दिन पूर्व सीआईएसएफ द्वारा छापेमारी की गयी थी, इसके बावजूद कोयला तस्करों ने पुन: अपना अवैध कारोबार शुरू कर दिया है। उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि आखिर ऐसे तस्करों को किसका संरक्षण प्राप्त है कि कार्रवाई के बाद भी कोयला तस्करी थमने का नाम नहीं ले रही है।
उन्होंने आगे आरोप लगाया कि कोयला तस्करों ने अपने कारोबार को छिपाने के लिए नया तरीका अपनाया है। ग्राउंड के समीप चारों ओर शादी-विवाह में इस्तेमाल होने वाले रंगीन पर्दे एवं तिरपाल लगाकर ग्राउंड के समीप घेर दिया गया है।
दूर से देखने पर ऐसा प्रतीत होता है मानो वहां कोई सामाजिक या सांस्कृतिक कार्यक्रम चल रहा हो, जबकि पर्दे के भीतर कथित रूप से अवैध कोयले का भंडारण एवं अवैध कोयला कारोबार चलाया जा रहा है।
रत्नेश कुमार ने कहा कि इस प्रकार की गतिविधियों से प्रशासन को गुमराह किया जा रहा है तथा क्षेत्र के थाना प्रभारी की छवि भी धूमिल हो रही है। उन्होंने झारखंड सरकार एवं संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse