टीम एबीएन, रांची। हिंदी साहित्य भारती के उपाध्यक्ष सह झारखंड पेरेंट्स एसोसिएशन के प्रांतीय प्रवक्ता संजय सर्राफ ने कहा है कि विश्व साइकिल दिवस प्रत्येक वर्ष 3 जून को मनाया जाता है। इस दिवस का उद्देश्य साइकिल के महत्व को बढ़ावा देना, लोगों को इसके उपयोग के प्रति जागरूक करना तथा स्वास्थ्य, पर्यावरण और सतत विकास में इसकी भूमिका को रेखांकित करना है।
वर्ष 2018 में संयुक्त राष्ट्र संघ ने एक प्रस्ताव पारित कर 3 जून को विश्व साइकिल दिवस घोषित किया था। इसके बाद से विश्वभर में यह दिवस उत्साहपूर्वक मनाया जा रहा है।साइकिल मानव जीवन के लिए सबसे सरल, सुलभ, किफायती और पर्यावरण-अनुकूल परिवहन साधनों में से एक है। यह न केवल ईंधन की बचत करती है, बल्कि प्रदूषण को कम करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।
बढ़ते वायु प्रदूषण, ट्रैफिक जाम और जलवायु परिवर्तन जैसी वैश्विक चुनौतियों के बीच साइकिल एक प्रभावी और टिकाऊ विकल्प के रूप में उभर रही है। विश्व साइकिल दिवस का मुख्य उद्देश्य लोगों को यह संदेश देना है कि नियमित रूप से साइकिल चलाने से शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य बेहतर होता है।
साइकिलिंग हृदय को मजबूत बनाती है, मोटापा कम करती है, मधुमेह और उच्च रक्तचाप जैसी बीमारियों के जोखिम को घटाती है तथा शरीर की कार्यक्षमता को बढ़ाती है। साथ ही यह तनाव कम करने और मानसिक संतुलन बनाए रखने में भी सहायक है। यह दिवस समाज में समानता और समावेशन का भी संदेश देता है।
साइकिल एक ऐसा साधन है जो अमीर-गरीब, ग्रामीण-शहरी सभी वर्गों के लिए समान रूप से उपयोगी है। विकासशील देशों में लाखों लोग आज भी शिक्षा, रोजगार और दैनिक आवश्यकताओं की पूर्ति के लिए साइकिल पर निर्भर हैं। इसलिए साइकिल केवल एक वाहन नहीं, बल्कि सामाजिक और आर्थिक सशक्तिकरण का माध्यम भी है।
विश्व साइकिल दिवस के अवसर पर विभिन्न देशों में साइकिल रैलियां, जागरूकता अभियान, स्वास्थ्य कार्यक्रम तथा पर्यावरण संरक्षण संबंधी गतिविधियां आयोजित की जाती हैं। इन कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों को अधिक से अधिक साइकिल अपनाने और स्वस्थ जीवनशैली की ओर अग्रसर होने के लिए प्रेरित किया जाता है।
आज जब पूरी दुनिया स्वच्छ पर्यावरण और टिकाऊ विकास की दिशा में आगे बढ़ रही है, तब साइकिल का महत्व और भी बढ़ जाता है। विश्व साइकिल दिवस हमें यह प्रेरणा देता है कि हम अपने दैनिक जीवन में साइकिल को अधिक स्थान दें, स्वस्थ रहें, पर्यावरण की रक्षा करें और आने वाली पीढ़ियों के लिए एक बेहतर एवं स्वच्छ भविष्य का निर्माण करें।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse